शिवसैनिक बने ‘हीरो नंबर 1’, CM शिंदे ने गोविंदा को दिलाई सदस्यता: लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें, कहा- 14 वर्ष का वनवास हुआ पूरा

गोविंदा को CM शिंदे ने सदस्यता दिलाई (चित्र साभार: IANS_India/X)

पूर्व सांसद और अभिनेता गोविंदा ने शिव सेना (शिंदे) का दामन थाम लिया है। उनको महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में अपनी पार्टी की सदस्यता दिलाई है। गोविंदा के अब लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएँ तेज हो गई हैं। गोविंदा ने शिव सेना में शामिल होने को भगवान का आशीर्वाद बताया है।

अभिनेता गोविंदा को शिव सेना (शिंदे) के मुखिया और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पार्टी का पटका पहना कर सदस्यता दिलाई। उनके अब मुंबई की उत्तर पश्चिमी सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएँ तेज हो गई हैं। हालाँकि, अभी इसको लेकर कुछ स्पष्ट नहीं है। गोविंदा इससे पहले भी सांसद रह चुके हैं।

वह 2004 में कॉन्ग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ कर संसद पहुँचे थे। वह मुंबई की ही उत्तर सीट से सांसद बने थे। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा नेता राम नाइक को हराया था। राम नाइक इस सीट पर तब पाँच बार के सांसद थे। हालाँकि, एक ही कार्यकाल के बाद उन्होंने राजनीति छोड़ दी थी और आगे चुनाव ना लड़ने का निर्णय लिया था।

गोविंदा के शामिल होने के दौरान मुंबई के बड़े नेता मिलिंद देवड़ा भी मौजूद रहे। गोविंदा ने शिव सेना में शामिल होने पर कहा, “मैं आदरणीय एकनाथ शिंदे का धन्यवाद देता हूँ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि मुझे जो भी काम करने को मिले वह मैं कर पाऊं। मैं 2004 से 2009 तक सांसद रहा और वह 14वीं लोकसभा थी। अब मैं उसके 14 वर्ष बाद राजनीति में वापस आया हूँ। जो हम लोग पहले कल्पना किया करते थे अब हम एकनाथ जी के साथ मिल कर पूरा कर सकते हैं।”

गोविंदा ने पार्टी में आने से पहले एक बड़े नेता कृष्णा हेगड़े से भी मुलाक़ात की थी। इसी के बाद इस बात के कयास लग रहे थे कि वह दोबारा से राजनीति में आ सकते हैं। शिव सेना ज्वाइन करने के बाद गोविंदा ने कहा कि वह अपनी फिल्म इंडस्ट्री को लेकर कुछ काम करना चाहते हैं।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया