288 में 243: महाराष्ट्र चुनाव के सारे Exit Polls में देवेंद्र और नरेंद्र का करिश्मा, पवार-कॉन्ग्रेस होंगे साफ़

एग्जिट पोल्स में चला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सिक्का

महाराष्ट्र में आज विधासनभा चुनाव संपन्न होने के साथ ही मीडिया संस्थानों और सर्वेज एजेंसियों ने अपना-अपना एग्जिट पोल जारी कर दिया है। महाराष्ट्र में 55.3% वोटिंग की ख़बर है। शाहरुख़ ख़ान, मोहन भागवत, सचिन तेंदुलकर और नितिन गडकरी सहित अलग-अलग क्षेत्रों के कई बड़ी हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जहाँ भाजपा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में लड़ रही है, वहीं पार्टी का शिवसेना से गठबंधन होने के बाद उसे और मजबूती मिली है। वहीं दूसरी तरफ एनसीपी है, जहाँ शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल जैसे वरिष्ठ नेता ईडी के रडार पर हैं। एनसीपी के साथ कॉन्ग्रेस का गठबंधन है।

ताज़ा एग्जिट पोल्स की बात करें तो टीवी-9 भारतवर्ष के एग्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 197 सीटें मिलती दिख रही हैं। साथ ही 52% वोट शेयर मिलता दिखाया गया है। इससे साफ़ हो जाता है कि 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा और शिवसेना का गठबंधन प्रचंड बहुमत की ओर है। अगर टीवी-9 के एग्जिट पोल की मानें तो कॉन्ग्रेस सिर्फ़ 40 सीटों पर सिमट जाएगी और एनसीपी को मात्र 35 सीटें ही मिलेंगी। दोनों पार्टियों का वोट शेयर क्रमशः 17% और 16% रहेगा। अर्थात, देवेंद्र फडणवीस का करिश्मा और ज्यादा बढ़ा ही है।

उधर न्यूज़ 18 बात करें तो भाजपा और शिवसेना का गठबंधन और भी प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ता दिख रहा है और कॉन्ग्रेस-एनसीपी का एक तरह से सफाया हो जाएगा। इसमें भाजपा को 141 सीटें दी गई हैं वहीं शिवसेना 102 सीटें जीतती दिख रही हैं। इस हिसाब से राजग गठबंधन को 288 सदस्यीय विधानसभा में 243 सीटें मिलती दिख रही हैं। कुल मिला कर देखें तो सभी एग्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना की प्रचंड बहुमत से सरकार बनती दिख रही है। महाराष्ट्र में एक बार फिर से कमल खिलने जा रहा है, ऐसा एग्जिट पोल्स का कहना है।

https://twitter.com/RubikaLiyaquat/status/1186276112646594561?ref_src=twsrc%5Etfw

वहीं अगर एबीपी न्यूज़ के एग्जिट पोल की बात करें तो भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 204 सीट मिलती दिख रही हैं। यहाँ कॉन्ग्रेस-एनसीपी को सिर्फ़ 69 सीटें दी गई हैं। रिपब्लिक टीवी के एग्जिट पोल में भाजपा को जहाँ 135-142 सीटें मिल रही हैं, वहीं शिवसेना को 81-88 सीटें मिलती दिख रही हैं। रिपब्लिक टीवी के एग्जिट पोल में भी कॉन्ग्रेस-एनसीपी गठबंधन महज 50-59 सीटों पर सिमट रहा है। अन्य एग्जिट पोल्स में भी महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस का ही सिक्का चलता दिख रहा है।

https://twitter.com/republic/status/1186276030211751936?ref_src=twsrc%5Etfw

बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना साथ-साथ गठबंधन बना कर लड़ रहे हैं। दोनों दलों ने इसे हिंदुत्व से जुड़ा गठबंधन ‘महायुति’ करार दिया था। शिवसेना को इस गठबंधन में 124 सीटें दी गई थीं, वहीं 14 सीटें अन्य छोटी पार्टियों को दी गई थीं। बाकी सीटों पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतारे।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया