अफगानिस्तान में बच्चों के हाथ लगा मोर्टार बम, खेल-खेल में दागा: धमाके में 2 की मौत, 2 घायल

अफगानिस्तान में मोर्टार से खेलते 2 बच्चों की ब्लास्ट से मौत (चित्र साभार- @@PenPath1)

अफगानिस्तान के पूर्वी प्रान्त में ब्लास्ट की खबर है जहाँ मोर्टार के गोले से 2 बच्चों की मौत हो गई है। इसी ब्लास्ट में 2 अन्य लोग घायल हुए हैं जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि यह ब्लास्ट बच्चों द्वारा खेल-खेल में किया गया है। तालिबान प्रशासन इस बात की जाँच कर रहा है कि जिन्दा मोर्टार बच्चों के पास कैसे पहुँचा। घटना शनिवार (22 अक्टूबर 2022) की बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मामला पूर्वी प्रान्त के ज़ाज़ी जिले के पक्तिका का है। तालिबान के आधिकारिक प्रवक्ता ओमर बदरी के मुताबिक बच्चों ने खेल-खेल में ही मोर्टार को आग लगा दी जिस से धमाका हो गया। इस घटना के बाद आस-पास चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने इधर-उधर भागना शुरू कर दिया था। खामा प्रेस के मुताबिक घायलों का इलाज गार्दिज अस्पताल में किया जा रहा है।

लड़कियों के स्कूल बंद करने पर प्रदर्शन

इसी पक्तिका इलाके में बुधवार (19 अक्टूबर 2022) को स्थानीय निवासियों ने तालिबान के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी लड़कियों के स्कूलों को बंद करने से काफी नाराज थे। वो तालिबान से अपना फैसला वापस लेने और स्कूलों को दुबारा खोलने की माँग कर रहे थे।

लड़कियों की पढ़ाई रोकने के तालिबानी फरमान की उन्ही के देशवासियों द्वारा काफी आलोचना हो रही है।

पत्रकार और एक्टर को लिया हिरासत में

अफगानी पत्रकार बिलाल के मुताबिक तालिबान ने कांधार इलाके में पत्रकार और अभिनेता को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में सांगा रेडियो के पत्रकार शीर अहमद नूरी, एक स्थानीय अभिनेता अताउल्लाह ज़ार और एक अन्य व्यक्ति बिस्मिल्लाह को हिरासत में लिया है। ऐसा किसलिए किया गया है ये जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पाई है।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया