अब्दुल्ला की मौत के कारण कराची में उतरा दिल्ली का विमान: इंडिगो ने दुख जताया

दिल्ली से दोहा जा रहे इंडिगो के विमान की पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग (प्रतीकात्मक चित्र)

दिल्ली से दोहा जा रही इंडिगो एयरलाइंस के विमान को पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। यह लैंडिंग उड़ते विमान में 60 वर्षीय यात्री अब्दुल्ला की मौत के चलते हुई। मृत अब्दुल्ला नाइजीरिया का रहने वाला है, जिसकी मृत्यु रविवार (12 मार्च 2023) को हुई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंडिगो एयरलाइन्स के विमान संख्या 6E 1736 ने रविवार (12 मार्च 2023) को रात 10:05 पर दिल्ली के इंदिरा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोहा के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद प्लेन में बैठे 60 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक अब्दुल्ला की तबीयत खराब होने लगी। उन्होंने इसकी शिकायत विमान चालक दल से की। इस शिकायत पर जहाज को कराची की तरफ मोड़ दिया गया। पायलट ने जिन्ना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लैंडिंग की अनुमति माँगी।

पाकिस्तान के सिविल एविएशन विभाग ने कुछ ही देर में भारतीय विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति दे दी। रात लगभग 12:08 पर हुई इस इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्री को उतारा गया। हालाँकि डॉक्टरों ने अब्दुल्ला को मृत घोषित कर दिया। अब्दुल्ला की मौत का प्रमाण पत्र सीएए और एनआईएच के डॉक्टरों ने जारी कर दिया है। इंडिगो एयरलाइन्स ने भी अपने एक आधिकारिक बयान में अब्दुल्ला की मृत्यु की पुष्टि करते हुए उनके प्रति शोक संवेदना प्रकट की है।

गौरतलब है कि भारतीय विमानों की पाकिस्तान में लैंडिंग का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 17 जुलाई 2022 को शारजाह से हैदराबाद आ रही इंडिगो एयरलाइंस की इंटरनेशनल फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते पाकिस्तान के कराची में उतारना पड़ा था। बाद में खराबी को दूर कर के विमान को आगे बढ़ाया गया था। दूसरे मामले में 5 जुलाई 2022 को दिल्ली से दुबई जा रही स्पाइस जेट की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के बाद उसकी लैंडिंग कराची एयरपोर्ट पर करवानी पड़ी थी। उस समय स्पाइस जेट विमान में कुल 150 यात्री सवार थे। पायलटों को विमान के ईंधन दिखाने वाले मीटर में गड़बड़ी लगी थी, तब उन्होंने विमान को कराची हवाई अड्डे पर उतारा था। इस दौरान सभी यात्री लगभग 2 घंटे तक एयरपोर्ट पर ही रहे थे। बाद में दूसरा विमान भेज कर यात्रियों को दुबई भेजा गया था।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया