देखें ‘गलवान के वीरों’ की Video: LAC पर चीनी फौजियों को मुँहतोड़ जवाब देने के 1 साल बाद भारतीय सेना ने किया जारी

गलवान घाटी की वीडियो से लिए गए स्क्रीनशॉट

गलवान घाटी पर चीनी फौजियों के साथ हुई झड़प के एक साल बीतने पर भारतीय सेना ने एक वीडियो जारी की है। इस वीडियो में जो गाना गया है उसका शीर्षक ‘गलवान के वीर’ है। इसे गाने वाले मशहूर गायक हरिहरन हैं। इस वीडियो का मकसद उन वीरों को श्रद्धांजलि देना है जिन्होंने उस रात झड़प में अपनी जान गँवाई।

वीडियो में घाटी और पहाड़ी इलाकों के सीन को दिखाया गया है जहाँ भारत की अखंडता को बनाए रखने के लिए सेना के जवान कठिन इलाकों में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस गाने के जरिए बताया गया है कि कैसे गलवान के वीरों ने अपनी जान देकर भी चीनी फौजियों को भारत की सीमा में घुसने नहीं दिया और उन्हें खदेड़ कर भगा दिया।

https://twitter.com/ANI/status/1404776439971409923?ref_src=twsrc%5Etfw

इस पूरे घटनाक्रम में 20 भारतीय फौजियों ने अपनी वीरगति को प्राप्त हुए थे जबकि रिपोर्ट्स के अनुसार, 43 चीनी फौजियों को इन जाबाँजों ने मौत के घाट उतार दिया था। इस झड़प के बाद आज भी ये मामला सुलझ नहीं पाया है। आज गलवान घाटी में हुए संघर्ष का एक साल पूरा होने पर खुद थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने भी बहादुर सैनिकों को याद करते हुए कहा कि उनका शौर्य और पराक्रम हमेशा देश के दिलो-दिमाग में अंकित रहेगा।

बता दें कि 15 जून को चीनी फौजियों ने भारतीय सैनिकों पर लद्दाख बॉर्डर पर हमला किया था। भारत और चीन के सैनिकों के बीच लद्दाख सीमा पर हुए खूनी हिंसक झड़प में भारत के करीब 76 सैनिकों के घायल होने की भी खबर आई थी। बाद में यह भी मालूम चला था कि गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प में डंडे और नुकीली चीजों से लैस चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों पर हमला किया था।

रिपोर्ट्स में कहा गया था कि चीनी सेना ने पहले से ही अपने पास लाठी-डंडे, रॉड, हॉकी स्टिक, बेसबॉल क्लब, ड्रैगन पंच, पाईप, पत्थर, कीलें, बूट की नोक जमा कर लिया था। और उसी का इस्तेमाल वे हिंसा के दौरान कर रहे थे। वहीं पहाड़ी पॉइंट 14 पर पहले से मौजूद चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों को निशाना बनाते हुए उनके ऊपर बड़े-बड़े पत्थरों को फेक कर भी हमला किया। बिना किसी हथियार के भारतीयों सैनिकों ने उनका डट कर मुकाबला किया। हालाँकि, इस झड़प में कई भारतीय सैनिकों को तो संभलने तक का मौका नहीं मिला था।

ऑपइंडिया स्टाफ़: कार्यालय संवाददाता, ऑपइंडिया