Monday, October 21, 2024

महालक्ष्मी की हत्या में आ रहा था जिसका नाम, वह ओडिशा में पेड़ से लटकता मिला: सुसाइड नोट मिलने का दावा, शव के टुकड़े-टुकड़े कर फ्रीज में कर दिया था पैक

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के व्यालिकावल इलाके में 21 सितंबर 2024 को एक महिला की लाश के टुकड़े उसके ही घर की ​फ्रीज में रखे मिले थे। अब इस केस में संदिग्ध बताए जा रहे मुक्ति रंजन राय के आत्महत्या करने की खबरें आ रही है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ओडिशा के भद्रक में राय की लाश एक पेड़ से झूलती मिली। मौके से सुसाइट नोट, बैग, नोटबुक और स्कूटी मिलने की बात भी कही गई है। कथित तौर पर सुसाइड नोट में राय ने अपने सहकर्मी महालक्ष्मी की हत्या कबूली है। इस घटना के बाद से ही वह फरार था।

हालाँकि इस हत्या में राय की संलिप्तता को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बेंगलुरु पुलिस ने पिछले दिनों संदिग्ध की पहचान का दावा करते हुए उसकी पहचान का खुलासा करने से इनकार कर दिया था। 29 साल की महालक्ष्मी के शव के करीब 40 टुकड़े कर फ्रीज में रख दिए गए थे। पुलिस को संदेह है कि 2 या 3 सितंबर को महालक्ष्मी की हत्या की गई थी। हत्या की वजहों का का भी अब तक खुलासा नहीं हुआ है।