Tuesday, October 22, 2024

10 हजार गज का आवास, केजरीवाल ने 8 एकड़ का शीशमहल बना दिया: BJP

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंदर गुप्ता ने उन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने फ्लैग स्टाफ रोड स्थित अपने आवास को अवैध तरीके से बड़ा और आलीशान महल में तब्दील किया है।

विजेंदर गुप्ता के मुताबिक, केजरीवाल के इस बंगले में 8 एकड़ (करीब 35,000 गज) का क्षेत्रफल शामिल है, जो पहले 10,000 गज में था। इस विस्तार के लिए 6 फ्लैग स्टाफ रोड के पास स्थित 8 सरकारी फ्लैटों और दो बंगलों को तोड़ दिया गया।

बीजेपी के विधायक विजेंदर गुप्ता ने कहा, “अरविंद केजरीवाल ने भवन नियमों का उल्लंघन किया है। न तो अधिकतम ग्राउंड कवरेज का पालन किया गया, न ही FAR (फ्लोर एरिया रेशियो) की सीमा का। प्रशासन ने उनके आदेशों पर सरेंडर कर दिया और नियमों की धज्जियाँ उड़ाई गईं। यह दिल्ली की जनता के साथ धोखा है और ईमानदार होने का दावा करने वाली पार्टी धोखाधड़ी कर रही है।”

इस मुद्दे पर विवाद तब और बढ़ा जब पीडब्ल्यूडी ने केजरीवाल के बंगले को सील कर दिया और इसे खाली करने के आदेश जारी किए। आरोपों के बीच केजरीवाल और उनकी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।