Monday, October 21, 2024

महाराष्ट्र चुनाव के लिए BJP की पहली सूची में 99 नाम: नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट से मैदान में देवेंद्र फडणवीस

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 99 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। महाराष्ट्र में प्रमुख बीजेपी नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि महाराष्ट्र बीजेपी प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले कामठी से मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा, मंत्री गिरीश महाजन जामनेर से, मंत्री सुधीर मुनगंटीवार बल्लारपुर से, श्रीजया अशोक चव्हाण भोकड़ से मैदान में उतरे हैं।

वहीं, आशीष शेलार बांद्रा पश्चिम से, मंगल प्रभात लोढ़ा मालाबार हिल से, राहुल नार्वेकर कोलाबा से और छत्रपति शिवेंद्र राजे भोसले सतारा से चुनाव लड़ेंगे। इस बार भी वडाला विधानसभा सीट से 9 बार चुनाव लड़ चुके और 8 बार विजयी कालिदास कोलंबकर को टिकट दिया गया है।

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान किया जाएगा, और नतीजे 23 नवंबर 2024 को जारी किए जाएँगे।

बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा की कुल 288 सीटें हैं। 2019 के चुनाव में बीजेपी को 105 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इस बार बीजेपी राज्य में एकनाथ शिंदे और अजित पवार की अगुवाई वाली शिवसेना और एनसीपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।