अमेरिका के ओकलाहोमा राज्य (मस्कोगी काउंटी) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक माँ चेरी वॉकर को अपनी ही 11 साल की मासूम बेटी का यौन शोषण करवाने और बच्चों के साथ गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में दोषी ठहराया गया है।
अदालत की जूरी ने इस जुर्म के लिए चेरी को उम्रकैद की सजा देने की सिफारिश की है। जाँच में खुलासा हुआ कि चेरी के पति (बच्ची के सौतेले पिता) डस्टिन वॉकर ने बच्ची का रेप किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। इसके बाद बिना किसी डॉक्टर या मेडिकल मदद के घर पर ही बच्ची से बच्चे का जन्म करवाया गया।
DNA टेस्ट से खुला राज
इस खौफनाक मामले की शुरुआत तब हुई जब मस्कोगी पुलिस विभाग को सूचना मिली कि एक 11 साल की बच्ची ने घर में बच्चे को जन्म दिया है, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती पूछताछ में चेरी और उसके पति डस्टिन ने दावा किया कि उन्हें बच्ची के गर्भवती होने की कोई खबर नहीं थी और उसे एक साल से डॉक्टर के पास भी नहीं ले जाया गया था।
हालाँकि, डीएनए (DNA) जाँच रिपोर्ट में 99.9% सटीकता के साथ यह साबित हो गया कि नवजात का पिता डस्टिन ही है। इस खुलासे के बाद अभियोजकों ने आरोपों को और सख्त कर दिया। डस्टिन वॉकर ने 12 साल से कम उम्र की बच्ची के यौन शोषण और लापरवाही का जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई और सेक्स ऑफेंडर घोषित किया।
नारकीय घर में रहते थे 6 मासूम
मस्कोगी काउंटी की सहायक जिला अटॉर्नी जेनेट हटसन ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में बच्चों के शोषण का ऐसा दर्दनाक मामला नहीं देखा। जाँच में पता चला कि बच्ची का करीब एक साल से शोषण हो रहा था और बात छिपाने के लिए उसे स्कूल से भी हटा लिया गया था।
घटना के तुरंत बाद दंपत्ति के अन्य पाँच बच्चों (जिनकी उम्र 2 से 9 साल के बीच है) को घर से निकालकर सरकारी संरक्षण में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, घर की हालत बेहद दयनीय थी, जहाँ हर तरफ गंदगी और कुत्तों का मल फैला हुआ था। यहाँ तक कि पिछले 2-3 सालों से नल में पानी तक नहीं आ रहा था।
बच्ची की नानी भी आरोपित
इस मामले में बच्ची की नानी मिशेल जस्टिस ने अपने बेटी-दामाद का बचाव करते हुए दावा किया कि उन्हें फँसाया गया है और वे बच्चों से प्यार करते हैं। नानी ने कहा कि उन्हें इस हैवानियत का कोई अंदाजा नहीं था।
लेकिन पुलिस जाँच के अनुसार, नानी सड़क के दूसरी तरफ ही रहती थीं और नियमित रूप से बच्ची से मिलती थीं। इसके चलते उन पर भी बच्चों की उपेक्षा करने के 6 मामले दर्ज किए गए हैं। नानी मिशेल जस्टिस का ट्रायल 23 जुलाई से शुरू होने तय हुआ है।

