‘आस्था पर प्रहार करने वाले आज ढोंग कर रहे’: गोरखपुर से CM योगी ने सपा-कॉन्ग्रेस पर साधा निशाना, बोले- इन्होंने ही नौजवानों को बेरोजगार करने का किया पाप

उत्तर प्रदेश, गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (23 जुलाई) को जनपद गोरखपुर को ₹995 करोड़ से अधिक की लागत वाली 14 बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करके बड़ी सौगात दी है। इस भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘नए उत्तर प्रदेश’ की बदलती तस्वीर और राज्य में बेहतर हुई रोड कनेक्टिविटी की सराहना की।

आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का किसान और नौजवान खुशहाली की ओर बढ़ रहा है, क्योंकि किसान खुशहाल होगा तभी देश खुशहाल होगा। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की अपील करते हुए हर नागरिक से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाने का आग्रह भी किया।

CM योगी ने सपा-कॉन्ग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कॉन्ग्रेस पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कॉन्ग्रेस ने मिलकर हमारे नौजवानों के भविष्य और जीवन के साथ भारी अत्याचार और शोषण किया है। उनके इस पाप को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

सीएम योगी ने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग आज सबसे बड़े आस्थावान बनने का ढोंग कर रहे हैं, उन्होंने ही राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण में कदम-कदम पर बाधाएँ खड़ी की थीं। ये वही लोग हैं जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और मंदिर निर्माण के विरोध में सुप्रीम कोर्ट तक में अपने वकील खड़े किए थे।

2017 से पहले दंगे और अराजकता का याद दिलाया दौर

विकास और उद्योग के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए सीएम योगी ने आँकड़े सामने रखे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 से लेकर 2017 तक के 10 वर्षों के शासनकाल में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कॉन्ग्रेस के गठबंधन ने प्रदेश की 29 चीनी मिलों को बंद करने का काम किया। इससे किसान तबाह हुए और नौजवानों को बेरोजगार करने का बड़ा पाप किया गया।

उन्होंने 2017 से पहले के दौर को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में दंगे और अराजकता चरम पर थी। होली, दीपावली और दुर्गापूजा जैसे पवित्र त्योहारों से ठीक पहले दंगे कराए जाते थे, जबकि जन्माष्टमी और कांवड़ यात्रा को रोकने के तमाम कुत्सित प्रयास होते थे।

बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले दे रहे उपदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने हमेशा किसानों के अधिकार छीने और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर संकट खड़ा किया, उनका आज मंच से उपदेश देना बेहद हास्यास्पद लगता है। जनता इनकी सच्चाई को बहुत अच्छी तरह से जानती है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि आज का ‘नया उत्तर प्रदेश’ सुरक्षा, सुशासन और विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब प्रदेश में न तो कोई दंगा होता है और न ही आस्था पर कोई प्रहार करने का दुस्साहस कर सकता है।