Monday, October 21, 2024

जम्मू-कश्मीर में बिहार के मजदूर की हत्या, आतंकियों ने गोलियों से छलनी किया

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के शोपियाँ जिले में आतंकवादियों ने बिहार के रहने वाले अशोक चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार (18 अक्टूबर 2024) को अशोक का गोलियों से छलनी शव जैनपोरा के वंडुना गाँव में बरामद हुआ। प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जाँच शुरू कर दी है।

अनंतनाग में रहने वाले अशोक चौहान मक्के की कटाई के लिए शोपियाँ आए थे। उनके साथियों के अनुसार, अशोक को सुबह एक फोन आया और वह कुछ देर बाद कहीं जाने की बात कहकर निकले। जब वह देर तक वापस नहीं लौटे, तो उनके साथियों ने उन्हें ढूँढना शुरू किया। कुछ देर बाद उनका शव बरामद हुआ।

इस घटना को टारगेट किलिंग माना जा रहा है। हाल के दिनों में कश्मीर में प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाकर ऐसी घटनाएँ बढ़ रही हैं। प्रशासन आतंकवादियों की तलाश कर रहा है और सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।