मुर्शिदाबाद में मस्जिद के बाद ग्रेटर हैदराबाद में बनेगा बाबरी का स्मारक: तहरीक मुस्लिम शब्बन का ऐलान, प्रेसिडेंट मुश्ताक ने कहा- बाबर के नाम से परेशान ना हों

बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने के बाद अब तहरीक मुस्लिम शब्बन नाम के संगठन ने ग्रेटर हैदराबाद में बाबरी स्मारक बनाने का ऐलान किया है। इसके अलावा वेलफेयर संस्थान भी बनाने की बात कही गई है। संगठन के अध्यक्ष मुश्ताक मलिक ने कहा है कि जल्द ही इसके निर्माण की तारीख की घोषणा कर दी जाएगी।

मलिक का कहना है कि बाबर के नाम से किसी को परेशान नहीं होना चाहिए। बाबरी विध्वंस के 33 साल पूरे होने पर पर इसकी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि ये स्मारक भाईचारे का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि मस्जिद के नाम पर राजनीति करने की कोशिश की गई है।

6 दिसंबर 2025 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में टीएमसी के निष्कासित हुमायूँ कबीर ने बाबरी मस्जिद ढाँचे की आधारशिला रखी है। अब स्मारक बनाने की घोषणा के बाद देशभर में बाबर के नाम पर बनने वाले ढाँचे को लेकर फिर बहस छिड़ गई है।