CJP के समर्थन में उतरी कॉन्ग्रेस, 25 जुलाई को देशभर में निकालेगी कैंडल मार्च: सर्कुलर जारी कर उठाई शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की माँग

NEET पेपर लीक मामले में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर कॉन्ग्रेस पार्टी कैंडलमार्च निकालेगी। कॉन्ग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सर्कुलर जारी किया। इस सर्कुलर में सभी प्रदेश कमेटी को निर्देश दिया गया है। कॉन्ग्रेस ने छात्रों के आंदोलन में समर्थन दिखाने के लिए कैंडलमार्च में शामिल होने की अपील की है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार (24 जुलाई) को कॉन्ग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के निर्देश पर एक ‘मोस्ट अर्जेंट’ सर्कुलर जारी किया है। इसमें सभी प्रदेश, जिला और ब्लॉक कमेटियों को शनिवार शाम को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की माँग करने के निर्देश दिए गए हैं।

महात्मा गाँधी और आंबेडकर प्रतिमा तक निकलेगा मार्च

कॉन्ग्रेस के इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देश के सभी जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के भी हर जिले में बड़ा आंदोलन होगा। जारी सर्कुलर के अनुसार, प्रत्येक जिला कॉन्ग्रेस समिति के नेतृत्व में शाम को एक विशाल कैंडल मार्च निकाला जाएगा।

इस मार्च का समापन शहर में स्थित महात्मा गाँधी या डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर होगा। इसके बाद कॉन्ग्रेस के नेता और कार्यकर्ता वहीं बैठकर सत्याग्रह करेंगे। पार्टी ने कहा है कि यह कदम उन लाखों छात्रों के भविष्य को बचाने के लिए उठाया जा रहा है, जो एग्जाम सिस्टम की अनियमितताओं से प्रभावित हुए हैं।

कॉन्ग्रेस का स्पष्ट आरोप है कि NEET और CBSE परीक्षाओं में हुई धांधली से देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो गई है। दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं और पुलिस कार्रवाई को भी विरोध का बड़ा आधार बनाया गया है।

पार्टी ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों का विश्वास वापस कायम करने के लिए शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है। इसलिए प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

पार्टी के सभी संगठन होंगे शामिल

इस बड़े आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए कॉन्ग्रेस ने अपने सभी अग्रिम संगठनों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। इसमें प्रदेश कॉन्ग्रेस कमेटी (PCC), जिला और ब्लॉक कमेटियों के अलावा युवा कॉन्ग्रेस, एनएसयूआई (NSUI) और सभी विभागों व प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता शामिल होंगे।

पार्टी की कोशिश है कि यह प्रदर्शन सिर्फ नेताओं तक सीमित न रहे। इसीलिए कॉन्ग्रेस ने आम छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और सिविल सोसाइटी (नागरिक समाज) के प्रतिनिधियों से भी इस कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है।

एआईसीसी ने अपने सर्कुलर में सभी प्रदेश इकाइयों को निर्देश दिया है कि पूरा कार्यक्रम पूरी तरह अनुशासित, शांतिपूर्ण और प्रभावी होना चाहिए। साथ ही इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन का मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है। एआईसीसी के इस सख्त और त्वरित निर्देश के बाद शनिवार (25 जुलाई) को मध्य प्रदेश सहित देश भर के सभी जिलों में कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।