शशि थरूर ने की आडवाणी की तारीफ, कॉन्ग्रेस को लगी मिर्ची: वकील संजय हेगड़े ने किया ट्रोल तो सांसद ने गिनाईं नेहरू और इंदिरा गाँधी की विफलताएँ

कॉन्ग्रेस सांसद शशि थरूर एक बार फिर अपनी ही पार्टी से अलग राय रखकर चर्चा में हैं। उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को उनके 98वें जन्मदिन पर बधाई दी और उन्हें एक सच्चा राजनेता बताया, जिनकी सार्वजनिक सेवा अनुकरणीय रही है। थरूर ने आडवाणी के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर भी शेयर की है।

इसके जवाब में वकील संजय हेगड़े ने सोशल मीडिया पर उन्हें घेरते हुए कहा, “मिस्टर थरूर, इस देश में नफरत के बीज बोना सार्वजनिक सेवा नहीं है।” उन्होंने खुशवंत सिंह की किताब ‘द एंड ऑफ इंडिया’ का हवाला देते हुए कहा कि आडवाणी की रथ यात्रा ने देश में विभाजन और कट्टरता को बढ़ावा दिया।

इस पर थरूर ने पलटवार करते हुए कहा कि “किसी व्यक्ति की लंबी सेवा को सिर्फ एक घटना तक सीमित करना गलत है। जैसे नेहरू जी को चीन की हार से या इंदिरा गाँधी को इमरजेंसी से नहीं मापा जा सकता, वैसे ही आडवाणी जी को भी सिर्फ एक प्रसंग से नहीं आँकना चाहिए।”

शशि थरूर के इस बयान पर कॉन्ग्रेस ने भी पल्ला झाड़ लिया। कॉन्ग्रेस पवन खेड़ा ने एक्स पर लिखा, “हमेशा की तरह डॉ. शशि थरूर अपनी बात कह रहें हैं और कॉन्ग्रेस उनके हालिया बयान से पूरी तरह अलग है। कॉन्ग्रेस सांसद और कॉन्ग्रेस कार्यसमिति के सदस्य के रूप में उनका ऐसा करना कॉन्ग्रेस की विशिष्ट लोकतांत्रिक और उदारवादी भावना को दर्शाता है।”

वहीं, शशि थरूर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कॉन्ग्रेस इकोसिस्टम ने उन्हें निशाना बनाया। जबकि बीजेपी नेताओं ने उनकी राजनीतिक ईमानदारी की तारीफ की। यह पहली बार नहीं है जब थरूर ने अपनी पार्टी लाइन से अलग बयान देकर राजनीतिक बहस छेड़ी हो।