पहले शॉर्ट सर्किट, फिट सिलेंडरों में धमाके: दिल्ली के उद्योग भवन के पास मजदूर बस्ती में लगी आग, 24 घंटे में दूसरी घटना

दिल्ली के उद्योग भवन के पास मजदूरों की एक बस्ती में बुधवार (24 जून 2026) की सुबह-सुबह आग गई। इस बस्ती में सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में काम करने वाले मजदूर रह रहे थे। आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी बस्ती इसकी चपेट में आ गई। राहत की बात यह है कि फायर ब्रिगेड सर्विस की सक्रियता से कोई हताहत नहीं हुआ।

शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि बस्ती में रखे छोटे और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों में धमाके होने से आग और तेजी से फैल गई। शुरुआत में इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगने की खबर मिली थी।

दिल्ली फायर सर्विस के मंडलीय अधिकारी संदीप दुग्गल ने बताया कि आग को बुझाने के लिए 20-25 गाड़ियाँ मौके पर मौजूद थीं, जो करीब 3 घंटे तक आग बुझाने के प्रयास करती रहीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। साथ ही आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से भी रोक लिया गया।

बता दें कि इससे पहले दिल्ली के तकिया काले खान इलाके की वाल्मीकि बस्ती में भीषण आग लगी थी। उस आग में करीब 30 झोपड़ियाँ और बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाईवुड तथा अन्य सामान जलकर राख हो गया था। हालांकि उस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी।