मानसून से पहले राजधानी की सड़कों को सुरक्षित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के जरिए विशेष शहरव्यापी सड़क मरम्मत अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत दिल्ली भर में चिन्हित 2,000 से अधिक गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़क हिस्सों की मरम्मत का काम शुरू किया गया।
सरकार का कहना है कि बारिश के मौसम में लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए यह तैयारी पहले से की जा रही है। रविवार (21 जून 2026) को छुट्टी का दिन होने के बावजूद विभाग के इंजीनियर, फील्ड स्टाफ और रखरखाव टीमें अलग-अलग इलाकों में काम में जुटी रहीं।
दिल्ली सरकार में PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कई स्थानों पर पहुँचकर मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया और अभियान की प्रगति की समीक्षा की। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, 1 जनवरी से 4 जून 2026 के बीच PWD के अधीन सड़कों पर कुल 14,757 गड्ढों की पहचान की गई थी, जिनमें से 12,762 की मरम्मत पहले ही की जा चुकी है।
शेष स्थानों को मानसून शुरू होने से पहले दुरुस्त करने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया। सरकार ने इसे अपने व्यापक प्री-मानसून तैयारी अभियान का हिस्सा बताया है।
दिल्ली सरकार बोली- बेहतर सड़कें और सुरक्षित यात्रा हमारी प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार पूरे वर्ष सड़क रखरखाव और गड्ढों से जुड़ी शिकायतों पर काम करती है। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सड़कों को बेहतर स्थिति में लाना सरकार की प्राथमिकता है ताकि लोगों को यात्रा के दौरान कम से कम परेशानी हो और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सड़क निर्माण में गुणवत्ता, जवाबदेही और दीर्घकालिक मजबूती पर जोर दे रही है। उनके अनुसार, वर्तमान में जिन स्थानों पर मरम्मत की जरूरत सामने आ रही है, उनमें कई सड़कें पूर्व में बनी थीं और उनकी गुणवत्ता अपेक्षित स्तर की नहीं रही।
PWD मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार अब नई सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ता नियंत्रण को और मजबूत कर रही है। नई बनने वाली सड़कों को पाँच वर्ष की मेंटेनेंस व्यवस्था के साथ तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत इस अवधि में किसी भी प्रकार की खराबी आने पर संबंधित ठेकेदार उसकी मरम्मत और रखरखाव करेगा।

