नसीम ने 5 साल की बेटी के सामने ईंट से सिर कूचकर की बीवी की हत्या, 3 साल के बेटे के साथ हुआ फरार: 6 साल पहले की थी लव मैरिज, UP के मुरादाबाद का मामला

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नसीम ने अपनी बीवी सना की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। घटना मैनाठेर थाना क्षेत्र के रसूलपुर हमीर गाँव की है। पुलिस ने फरार आरोपित नसीम की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। नसीम अक्सर सना को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार (5 जून 2026) की सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद नसीम ने सना पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह घायल सना को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के समय घर में मौजूद 5 साल की बेटी ने अपनी अम्मी को बचाने का प्रयास किया लेकिन आरोपित ने उसे धक्का दे दिया। इसके बाद वह रोते हुए अपने ननिहाल पहुँची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों के अनुसार, नसीम और सना ने करीब छह वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था।

दोनों के तीन बच्चे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित अपने तीन वर्षीय बेटे अली हमजा को साथ लेकर फरार हो गया। हालाँकि बाद में उसने बच्चे को रास्ते में छोड़ दिया और खुद भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नसीम की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।