‘गजवा-ए-हिंद का सपना देखने पर जहन्नुम का टिकट’: बरेली हिंसा के बाद CM योगी की उपद्रवियों को चेतावनी, कहा- देर-सवेर उनका भी हश्र छांगुर जैसा होगा

बरेली में हुई हिंसा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों को चेतावनी दी है। सीएम योगी ने कहा कि अराजकता और दंगा फैलाने वालों को जहन्नुम का टिकट दूँगा। उन्होंने कहा कि गजवा-ए-हिंद भारत की धरती पर नहीं होगा।

बलरामपुर में जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “कुछ लोग भारत में रहते हैं लेकिन गजवा-ए-हिंद का नारा लगाकर देश के भीतर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। भारत की धरती पर ये नहीं होगा।” सीएम ने आगे कहा, “गजवा-ए-हिंद की कल्पना करना, इसके बारे में सपना देखना भी नरक का टिकट बन जाएगा। देर-सवेर उनका भी हश्र छांगुर जैसा ही होगा।”

सीएम योगी ने यहा भी कहा, “कुछ लोग छोटे-छोटे बच्चों को I Love Mohammad के पोस्टर देकर समाज में अराजकता फैला रहे हैं। ये लोग अपनी जिंदगी बर्बाद कर चुके हैं, अब वे इन बच्चों की जिंदगी भी बर्बाद करने पर तुले हुए हैं। लेकिन सरकार इस तरह की अराजकता को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। जो भी कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसे पहले ही बता दिया जाएगा कि हम बिना पूछे उसे नरक का टिकट दे देंगे।”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “पिछले 8.5 सालों में उनकी मंशा सफल नहीं हुई। अब नए-नए तौर-तरीके अपनाने का कार्य़ कर रहे हैं। उनका याद रखना होगा कि वे जितना सोचते हैं, उससे ज्यादा पहले से हमारी तैयारी रहती है। और जब भी दुस्साहस करोगे, ऐसे ही पिटोगे, जैसे बरेली के अंदर पीटे गए ह।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “किसी को प्रदेश का माहौल खराब करने की इजाजत नहीं हैं। कुछ लोग नए हथकंडे अपना रहे हैं। लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि हम उनकी सोच से कहीं ज़्यादा तैयार हैं। उन्हें वैसे ही पीटा जाएगा जैसे बरेली में पीटा गया। ये मूर्ख यह भी नहीं जानते कि आस्था के प्रतीकों का सम्मान किया जाता है। आस्था कोई चौराहे पर दिखाने की चीज नहीं है।”

बलरामपुर में ₹826 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार (28 सितंबर 2025) को बलरामपुर पहुँचे थे। यहाँ सीएम ने देवीपाटन मंदिर में माँ पाटेश्वरी के दर्शन कर उनके पाँव पखारे। यहाँ से सीएम गोशाला पहुँचे, जहाँ पर गायों को चना, गुड़ और रोटियाँ खिलाकर गोसेवा की।

मंदिर से निकलकर सीएम धूधुलपुर में आयोजित कार्यक्रम में पहुँचे। जहाँ सीएम योगी ने ₹826 करोड़ की 124 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज का उद्घाटन किया।