माँ-बाप-बहन तीनों को उतारा मौत के घाट, बेटी ने बॉयफ्रेंड संग कर्नाटक में परिवार को किया खत्म: गिरफ्तारी के बाद बोली- आजादी चाहिए थी

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में ट्रिपल मर्डर केस में नया खुलासा हुआ। मृतक दंपती की बेटी श्वेता ने कबूला कि उसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर परिवार की हत्या की। आरोपित बेटी ने बताया कि परिवार के बार-बार टोकने से परेशान थी और उसे आजादी चाहिए थी, इसलिए ये साजिश रची।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मरने वालों में पिता की पहचान 52 वर्षीय सोमसुंदर, माँ मुथुलक्ष्मी और 19 साल बहन सुप्रिया के रूप में हुई। घटना के बाद फरार आरोपित बेटी श्वेता को पुलिस ने पुडुचेरी रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया।

पुलिस जाँच में यह भी सामने आया कि श्वेता परिवार के बीच रहते हुए भी खुद को अकेला और मानसिक दबाव में महसूस करती थी। घर से बरामद एक डायरी में भी उसने तनाव, स्वतंत्र जीवन जीने की इच्छा और परिवार को लेकर अपनी नाराजगी के बारे में लिखा था।

पुलिस को पता चला है कि श्वेता ने परिवार से छिपाकर अलग-अलग जगहों से करीब 30 लाख रुपए तक का कर्ज लिया था। EMI नहीं भर पाने के कारण बैंक के नोटिस घर पहुँचने लगे थे, जिससे परिवार के भीतर तनाव और बढ़ गया। मामले में बॉयफ्रेंड केनिथ का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। श्वेता से मिली जानकारी के आधार पर उसकी तलाश जारी है।