केंद्र सरकार में 1.83+ लाख पदों पर भर्ती शुरू: रेलवे, रक्षा, पुलिस और तकनीकी सेवाओं में सरकारी नौकरी का मौका, जानें- किस विभाग में कितने पद?

केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों में खाली पड़े 1.83 लाख से ज्यादा पदों को भरने का काम शुरू हो गया है। इस महा-भर्ती अभियान के तहत रेलवे, रक्षा, पुलिस और तकनीकी सेवाओं समेत कई विभागों में युवाओं को नौकरियाँ मिलेंगी।

अधिकारियों ने संसद की एक समिति को बताया है कि कई परीक्षाएँ हो चुकी हैं और कई अभी चल रही हैं। आने वाले कुछ महीनों में युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर मिलने वाले हैं।

किस विभाग में कितनी नौकरियाँ आ रही हैं?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संसद की एक कमेटी की बैठक में अधिकारियों ने खाली पदों का पूरा ब्योरा दिया है। सरकार कुल 1,83,595 पदों पर भर्तियाँ कर रही है। इसमें सबसे बड़ी खुशखबरी रेलवे की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए है।

अकेले रेलवे विभाग में ही सबसे ज्यादा 1,08,129 पद भरे जाएँगे। इसके अलावा कर्मचारी चयन आयोग (SSC) के जरिए 65,331 पदों पर और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के माध्यम से 10,135 पदों पर नियुक्तियाँ की जाएँगी।

पेपर लीक रोकने के लिए कंप्यूटर परीक्षा का सुझाव

संसदीय समिति की बैठक में हाल के दिनों में हुए पेपर लीक मामलों पर गहरी चिंता जताई गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि युवाओं का भरोसा जीतने के लिए परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित बनाना जरूरी है।

इसके लिए कुछ सदस्यों ने एक बड़ा सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं को ऑनलाइन यानी कंप्यूटर आधारित (CBT) कराया जाए। उनका मानना है कि ऑनलाइन परीक्षा होने से पेपर लीक की गुंजाइश खत्म हो जाएगी और पूरी प्रक्रिया साफ-सुथरी होगी।

आंसर की (Answer Key) को लेकर आपस में चर्चा

बैठक में सदस्यों ने यह भी माँग उठाई कि UPSC को परीक्षा खत्म होते ही तुरंत फाइनल आंसर Key जारी कर देनी चाहिए। इससे छात्रों को अपना रिजल्ट खुद जाँचने में आसानी होगी। हालाँकि UPSC के अधिकारियों ने इस पर अपनी चिंता जताई है।

उनका कहना है कि रिजल्ट से पहले आंसर Key जारी करने से कानूनी विवाद खड़े हो सकते हैं। इससे सिविल सेवा जैसी बड़ी परीक्षाओं में देरी होने का खतरा रहेगा। सदस्यों ने छात्रों को उनकी जाँची हुई कॉपियाँ दिखाने का भी सुझाव दिया है।