ब्रिटेन की एक अदालत में 2 साल की मासूम बच्ची इजाबेल की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोर्ट को बताया गया कि बच्ची की माँ एलेक्जेंड्रा वॉकर और उसके बॉयफ्रेंड हैरिसन सिम्पसन ने मिलकर मासूम के साथ दरिंदगी की।
माँ और बॉयफ्रेंड दोनों ने हफ्तों तक बच्ची को बुरी तरह पीटा, जिससे उसके शरीर की 21 हड्डियाँ टूट गईं। सिर पर भारी चोट लगने की वजह से मासूम की मौत हो गई। दोनों आरोपितों पर हत्या और क्रूरता का मुकदमा चल रहा है।
यह दर्दनाक घटना पिछले साल सितंबर की है। अस्पताल के डॉक्टर्स और जाँच टीम ने पाया कि बच्ची की खोपड़ी पूरी तरह टूट चुकी थी, 97 जख्म के निशान मिले और उसका दिल धड़कना बंद हो गया था। जब पैरामेडिक्स की टीम मौके पर पहुँची, तो मासूम बच्ची सीढ़ियों के पास बेहोश पड़ी थी।
बच्ची के शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। माँ ने एम्बुलेंस बुलाने में भी बहुत देरी की थी। अदालत को बताया गया कि मौत से 11 दिन पहले भी बच्ची को पैर में दर्द के कारण अस्पताल ले जाया गया था।
वहाँ डॉक्टर्स को उसका पैर टूटा हुआ मिला था। इसके बावजूद डॉक्टर्स ने माँ के एक्सीडेंट वाले झूठे बहाने को सच मान लिया और बच्ची को वापस घर भेज दिया। जाँच में सामने आया कि मासूम को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और दोनों आरोपित अपनी जान बचाने के लिए सच छुपा रहे थे।

