बताया जाता है कि घटना शनिवार (4 जुलाई 2026) को रात करीब 10.35 बजे हुई, इस दौरान एक काला मास्क लगाए और काला कपड़ा पहने एक व्यक्ति ने सर्फ एवेन्यू के किनारे बाड़ के पास पहुँचा और कई राउंड गोलियाँ चलाई। इसके बाद वह पैदल ही फरार हो गया। रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल से एक टीईसी-9 शैली का हथियार, एक मैगजीन और 10 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अधिकारियों ने अभी तक पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और न ही गोलीबारी के पीछे का मकसद स्पष्ट हो पाया है। न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट (NYPD) की कमिश्नर जेसिका टिश ने रविवार सुबह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिपोर्टर्स को बताया कि जब परिवार घर के आंगन में जश्न मना रहा था, तो एक अनजान आदमी, जो पूरी तरह काले कपड़े पहने था और काला स्की मास्क पहने था, सर्फ एवेन्यू के किनारे बाड़ के पास आया और आंगन में कई राउंड फायरिंग की, फिर पैदल भाग गया।
कमिश्नर जेसिका टिश ने कहा कि गोलीबारी शुरू होने से पहले किसी तरह की बहस या कहासुनी की बात भी सामने नहीं आई है, हालाँकि उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह इसी ब्लॉक में एक हत्या हुई थी और जाँचकर्ता दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों को भी खंगाल रहे हैं।
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हमारे शहर में इस तरह की हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और हर हाल में इसका मुकाबला करेंगे।

