बेल्जियम में नाटो (NATO) के सैन्य मुख्यालय में काम कर रही एक कनाडाई महिला को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह महिला वहाँ इंटर्न के तौर पर काम कर रही थी और उस पर किसी ‘तीसरे देश’ के लिए जासूसी करने और एक आपराधिक संगठन का सदस्य होने का शक है।
बेल्जियम के संघीय अभियोजक कार्यालय ने शनिवार (25 जुलाई 2026) को जारी अपने बयान में बताया कि आरोपित महिला चीनी मूल की कनाडाई नागरिक है। हालाँकि अभियोजकों ने न तो उसकी पहचान उजागर की और न ही यह बताया कि वह किस देश या संगठन के लिए जासूसी कर रही थी।
यह महिला नाटो के सुप्रीम हेडक्वार्टर्स अलाइड पावर्स यूरोप (SHAPE) में इंटर्न के रूप में तैनात थी, जो बेल्जियम के मोंस शहर में स्थित है। SHAPE दरअसल नाटो का सबसे बड़ा सैन्य मुख्यालय है और यह एलाइड कमांड ऑपरेशंस का आधार है, जो 32 देशों के इस सैन्य गठबंधन के सभी अभियानों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने का काम देखता है।
जाँच की शुरुआत तब हुई जब SHAPE की सुरक्षा टीम को इस महिला की गतिविधियों पर शक हुआ। सुरक्षा टीम ने अपना शक बेल्जियम की सैन्य खुफिया एजेंसी तक पहुँचाया, जिसके बाद यह मामला संघीय अभियोजक कार्यालय को सौंपा गया और वहाँ जाँच शुरू हुई। गुरुवार को अधिकारियों ने महिला के घर और नाटो मुख्यालय स्थित उसके कार्यस्थल की तलाशी ली। इस तलाशी में कंप्यूटर अपराध से जुड़ी विशेष टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों की भी मदद ली गई। इसके अगले दिन, यानी शुक्रवार को महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
कनाडा सरकार के लोक सुरक्षा विभाग (Public Safety Canada) ने पुष्टि की है कि उसे नाटो में कार्यरत एक कनाडाई नागरिक की गिरफ्तारी की जानकारी है। विभाग ने कहा कि चूंकि मामला अभी जाँच के दायरे में है, इसलिए वह इस पर विस्तार से कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। साथ ही विभाग ने कनाडाई नागरिकों को भरोसा दिलाया कि सरकार की कानून प्रवर्तन और खुफिया एजेंसियाँ अपने साझेदार देशों की एजेंसियों के साथ मजबूत संबंध बनाए हुए हैं, जो ऐसे खतरों से निपटने में मदद करती हैं।
न्यूज एजेंसी AP से बात करते हुए SHAPE के एक प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना का नाटो या SHAPE के परिचालन कार्यों, कमांड और कंट्रोल व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है और मुख्यालय अपनी सामान्य जिम्मेदारियाँ पहले की तरह निभा रहा है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब पश्चिमी देश लगातार चीन और अन्य विदेशी ताकतों की ओर से जासूसी की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं। इससे पहले भी नाटो और उससे जुड़ी एजेंसियों के अधिकारियों पर जासूसी के आरोप लग चुके हैं, जिससे गठबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल जाँच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

