‘खुद को एस्कोबार बताता है, खतरनाक है मानसिकता’: अहमदाबाद में हिंदू छात्र की हत्या करने वाले मुस्लिम नाबालिग की जमानत याचिका खारिज

गुजरात के अहमदाबाद के सेवेंथ डे स्कूल में एक हिंदू छात्र की चाकू मारकर हत्या करने वाले मुस्लिम नाबालिग ने किशोर न्याय बोर्ड में जमानत के लिए अर्जी दी थी। हालाँकि, बोर्ड ने आरोपी मुस्लिम नाबालिग को जमानत देने से इनकार कर दिया है। सरकार ने आरोपी की जमानत अर्जी का विरोध किया था और यह भी तर्क दिया था कि आरोपी ‘एस्कोबार’ नाम के एक कुख्यात अपराधी को अपना आदर्श मानता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किशोर न्याय अधिनियम के तहत, आमतौर पर काउंसलिंग के बाद नाबालिगों की जमानत पर विचार किया जाता है। हालाँकि, सहायक लोक अभियोजक ए.के. तिवारी ने अपराध की गंभीरता और आरोपी की मानसिक स्थिति का हवाला देते हुए जमानत अर्जी का विरोध किया। तिवारी ने तर्क दिया कि आरोपी स्कूल में हथियार लेकर आया था, जो एक पूर्व नियोजित साजिश का संकेत देता है।

साथ ही, उन्होंने मुस्लिम नाबालिग की मानसिकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आरोपी खुद को ‘एस्कोबार’ कहता था, एस्कोबार एक कुख्यात अपराधी था। आरोपी ने अपनी स्कूली किताबों में भी एस्कोबार का जिक्र किया था। उन्होंने आगे तर्क दिया कि जमानत देने से दूसरे बच्चे भी प्रभावित हो सकते हैं।

ए.के. तिवारी ने इस घटना में आरोपी के अभिभावक की आपराधिक लापरवाही को भी उजागर किया। दोनों पक्षों की दलीलों की समीक्षा के बाद किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट एमवी पांड्या ने नाबालिग मुस्लिम आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी और जमानत देने से इनकार कर दिया।