‘भगवान ने सपने में आकर सवाल बताए’: NEET पेपर लीक विवाद में गिरफ्तार महाराष्ट्र के टीचर का अजीबोगरीब दावा, परीक्षा से 4 दिन पहले जो प्रश्न लिखवाया वही आया

NEET 2025 पेपर लीक मामले में महाराष्ट्र के लातूर में RCC (रेणुकाई करियर सेंटर) के संचालक शिवराज रघुनाथ मोटेगाँवकर को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से चार दिन पहले छात्रों को एक सवाल लिखवाया था, जो बाद में NEET परीक्षा में भी आया।

दैनिक भास्कर के मुताबिक, 29 अप्रैल 2026 को मोटेगाँवकर ने क्लास के दौरान पहले आँखें बंद कर कुछ देर खड़े रहने के बाद छात्रों से कहा, “कल रात मेरे सपने में भगवान विट्ठल आए। बोले- बच्चे मेहनत से पढ़ रहे हैं, इसलिए एक सवाल बताऊँगा, जो NEET एग्जाम में जरूर आएगा।” इसके बाद उन्होंने छात्रों को एक सवाल लिखवाया और कहा कि इसे जरूर याद कर लेना। 3 मई 2026 को हुई NEET परीक्षा में वही सवाल आने की बात सामने आई।

पेपर लीक मामले की जाँच कर रही CBI ने अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मोटेगाँवकर भी शामिल हैं। उन पर केमिस्ट्री का पेपर लीक कराने का आरोप है। हालाँकि NTA अभी भी दावा कर रही है कि पेपर लीक नहीं हुआ।

कोचिंग से जुड़े लोगों का कहना है कि मोटेगाँवकर अपने बेटे को NEET में टॉप रैंक दिलाना चाहते थे। उनका बेटा भी इस बार परीक्षा में शामिल हुआ था और उसे 720 में से 704 अंक मिलने की बात कही जा रही है।

जाँच में NTA के पेपर सेटिंग पैनल से जुड़े पीवी कुलकर्णी, मनीषा माँढरे और मनीषा हवलदार समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। CBI को शक है कि पेपर लीक के पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था।