‘मैं BJP समर्थक और मोदी जी मेरे पसंदीदा नेता’: पद्म श्री से सम्मानित डॉ. रस्तोगी ने TMC नेता साकेत गोखले को दिया करारा जवाब, वीडियो पर गढ़ा था नैरेटिव

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रंगमंच, सिनेमा, रेडियो और टेलीविजन क्षेत्र में अमूल्य योगदान के लिए एक्टर डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी को पद्म श्री से सम्मानित किया। लेकिन चर्चा डॉ. रस्तोगी को पद्म श्री सम्मान मिलने की नहीं बल्कि सम्मान समारोह की एक क्लिप पर बवाल मचा। इस क्लिप में दिख रहा है कि डॉ. रस्तोगी सभी का आभार जताते हुए हाथ जोड़ते हुए पीएम मोदी के सामने से निकल गए, बिना उनसे हाथ मिलाए।

इस वीडियो पर तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के नेता साकेत गोखले ने पीएम नरेंद्र मोदी को घेरते हुए हल्ला मचा दिया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “मोदी का इवेंट मैनेजमेंट फेल साबित हुआ।” यहाँ साकेत गोखले ने पीएम मोदी की छवि खराब करने की पूरी कोशिश की और धारणा बनाई कि उन्हें पद्म श्री से सम्मानित डॉ. रस्तोगी ने उन्हें हाथ मिलाकर अभिवादन नहीं किया।

लेकिन उनका यह प्रोपेगेंडा धरा का धरा रह गया, जब खुद डॉ. रस्तोगी ने इस वीडियो क्लिप पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मैं एक 83 साल का बुजुर्ग व्यक्ति हूँ, जिससे मोदी जी का हाथ मिलाने का इशारा छूट गया। मुझे तो इस बारे में तब पता चला जब मैंने बाद में इसका टेलीकास्ट देखा। मैं भारत के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक को लेने गया था- जो मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि थी और उस समय मैं थोड़ा घबराया हुआ और भावनाओं से भरा हुआ था, इसलिए उनकी तरफ बढ़ा हुआ हाथ मुझसे छूट गया।”

उन्होंने पीएम मोदी के सम्मान में भी बातें कहीं, “इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि मैं उनका सम्मान कम करता हूँ। मैं हमेशा से BJP का समर्थक रहा हूँ और नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करता हूँ। असल में, मेरा निजी तौर पर मानना ​​है कि सक्रिय राजनीति में जितने भी चेहरे हैं, उनमें से भारत के सबसे ऊँचे पद को संभालने का सबसे ज़्यादा अनुभव और काबिलियत उन्हीं के पास है।”

इसी के साथ डॉ. रस्तोगी ने साकेत गोखले को करारा जवाब देते हुए कहा कि हर मुद्दे पर राजनीति ठीक नहीं होती।