मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में डकैती की नीयत से घुसे बदमाशों ने 40 वर्षीय विधवा महिला के साथ गैंगरेप किया। बदमाशों ने महिला के साथ हैवानियत की सारी हदे पार कर दीं। उन्होंने महिला के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी घुसा दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देकर वे लूट का सामान लेकर फरार हो गए।
पूरा मामला शनिवार (11 जुलाई 2026) को अलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र का है। जहाँ रात 2 बजे हथियारों से लैस पाँच से छह बदमाश विधवा महिला के घर दरवाजा तोड़कर घुस गए। बदमाशों ने महिला को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। बदमाशों ने महिला से उसके पास रखी 8 किलोग्राम चाँदी की माँग की लेकिन महिला के पास केवल एक किलोग्राम चाँदी थी जो उसने बदमाशों को सौंप दी।
इसके बावजूद बदमाश बाकी चाँदी की तलाश में घर का सामान इधर-उधर कर दिया और घर के भीतर कई जगहों पर खुदाई भी की। इसके बाद भी बदमाशों को चाँदी नहीं मिली तो उन्होंने महिला को निशाना बनाया। बदमाशों में से दो लोगों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। हैवानियत की हदें पार करते हुए महिला के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी घुसा दी गई।
वारदात को अंजाम देकर आरोपित महिला के घर से चाँदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने बताया कि पहली नजर में लगता है कि आरोपित डकैती की नीयत से महिला के घर में घुसे थे, हालाँकि सभी पहलुओं की जाँच की जा रही है।
वहीं गंभीर रूप से घायल पीड़िता का अस्पताल में इलाज जारी है। महिला को शारीरिक चोटें आई हैं, इनमें उनके प्राइवेट पार्ट में भी चोटें शामिल हैं। घटना के बाद महिला को बोरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने भी पीड़िता की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने घटनास्थल का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
उधर पीड़िता का जनजातीय समाज से ताल्लुक रखने के चलते ‘आदिवासी विकास परिषद’ ने हंगामा किया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष और कॉन्ग्रेस नेता महेश पटेल ने प्रशासन से चार माँगे रखी हैं। इनमें घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जाँच, वारदात में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर ठोस कार्रवाई, घायल पीड़िता का बेहतर इलाज और आर्थिक सहायता एवं संबंधित थाना प्रभारी को पद से हटाने की माँगें रखी गई हैं।
उन्होंने कहा कि अगर ये माँगे पूरी नहीं होती हैं तो आदिवासी विकास परिषद पूरे जिले में व्यापक जन आंदोलन करेगी।

