ब्रिटेन में करीब 20 साल पुराने यौन शोषण मामले में अदालत ने तीन पाकिस्तानी मूल के भाइयों को सजा सुनाई है। यह मामला उत्तरी इंग्लैंड के शेफील्ड शहर का है, जहाँ एक महिला और चार नाबालिग लड़कियों के साथ साल 2004 से 2007 के बीच बेहद शर्मनाक और दर्दनाक अपराध किए गए थे। पीड़ितों की उम्र उस समय 12 से 18 साल के बीच थी।
मुख्य आरोपित अमर इलियास, जिसे किलर के नाम से जाना जाता था, उस पर सबसे गंभीर आरोप साबित हुए। अदालत ने उसे 27 साल की जेल की सजा सुनाई है। हालाँकि वह मुकदमे से पहले पाकिस्तान भाग गया था और फिलहाल फरार है। उसके भाई कमर इलियास को 10 साल और कामरान इलियास को 3 साल की जेल की सजा दी गई है।
जाँच में सामने आया कि आरोपितों ने एक महिला को शराब और नशे की लत के जरिए अपने जाल में फंसाया और फिर उसका यौन शोषण किया। अमर इलियास ने चार अन्य लड़कियों के साथ भी दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न किया।
पीड़ित महिलाओं ने अदालत में बताया कि इस घटना का दर्द आज भी उनका पीछा नहीं छोड़ता और उन्हें लगातार बुरे सपने तथा मानसिक आघात झेलना पड़ता है।
अदालत ने अमर इलियास को खतरनाक और शिकार की तलाश में रहने वाला यौन अपराधी बताया। उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) अब उसकी तलाश में जुटी हुई है।

