मध्य प्रदेश के रतलाम में बड़ा हादसा, मोहर्रम जुलूस के दौरान 11KV की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ताजिया: करंट फैलने से 3 की मौत, 9 घायल

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के ग्राम हतनारा में मोहर्रम के जुलूस के दौरान गुरुवार (25 जून 2026) की रात बड़ा हादसा हो गया। ताजिया उठाकर ले जाते समय उसका ऊपरी हिस्सा 11KV हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे तेज करंट फैल गया।

हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का रतलाम मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान रशीद खान, सड्डू हुसैन और अरबाज खान के रूप में हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे गाँव में मोहर्रम जुलूस निकाला जा रहा था। ताजिया लेकर चल रहे लोग जैसे ही मेवाती मोहल्ले से गुजरे, उसका ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन लाइन से टकरा गया।

करंट फैलते ही ताजिया पकड़े लोग जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को निजी वाहनों से जिला अस्पताल और रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुँचाया।

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर साल इसी रास्ते से ताजिया निकाला जाता है और सुरक्षा के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती थी, लेकिन इस बार लाइनमैन मौजूद होने के बावजूद बिजली बंद नहीं की गई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गाँव के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे है, जिससे पहले भी खतरा बना रहता था। पुलिस ने बताया कि हादसे की जाँच शुरू कर दी गई है।