‘सपा प्रमुख रूप बदलने में माहिर’: अखिलेश यादव ने PDA में A को बताया आदिवासी, ओपी राजभर ने कहा- देखिएगा कभी A का मतलब आतंकवादी न बता दें

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार (24 जून 2026) को आदिवासी समाज को लेकर पार्टी कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस की। इसमें उन्होंने अपने ‘PDA’ के नैरेटिव में आदिवासियों को साधने के लिए A का मतलब आदिवासी बता दिया। इसके बाद योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने उन्हें ‘रूप बदलने वाले राजाबाबू’ कह डाला।

राजभर का कहना है कि अखिलेश यादव अपने मतलब के हिसाब से PDA की परिभाषा गढ़ते रहते हैं। इसको लेकर राजभर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

अपने फायदे के हिसाब से अखिलेश बदल देते हैं PDA का मतलब

अखिलेश के PDA के A को आदिवासी समाज से जोड़े जाने के बाद मंत्री राजभर ने उन पर निशाना साधते हुए पोस्ट में लिखा, “अखिलेश जी ने आज अपने PDA की नई व्याख्या की। उन्होंने कहा कि PDA में A का मतलब आदिवासी है। A को अल्पसंख्यक और अगड़ा वो, पहले ही बता चुके हैं। डर ये लग रहा है कि अखिलेश जी किसी दिन कोई सम्मेलन करते हुए यह न कह दें कि A का मतलब आतंकवादी भी होता है!”

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति में अखिलेश अपने PDA के A के बारे में यह कह सकते हैं कि सपा के PDA का अर्थ ‘अगड़ा, अल्पसंख्यक, आदिवासी, आतंकवादी’ होता है।

राजभर ने आगे लिखा कि अखिलेश यादव) की सरकार अपने कार्यकाल के दौरान वाराणसी सीरियल ब्लास्ट, लखनऊ और फैजाबाद कोर्ट ब्लास्ट के आतंकवादियों के मुकदमे वापस ले चुकी है।

अखिलेश राजनीति के राजाबाबू- राजभर

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश जी की यह हरकतें देखकर मुझे अभिनेता गोविंदा की फिल्म ‘राजा बाबू’ याद आ रही है, जिसमें गोविंदा का किरदार कभी वकील, कभी डॉक्टर, कभी पुलिस अधिकारी और कभी नेता बनता है। सही मायने में कहा जाए तो अखिलेश जी भारतीय राजनीति के ‘राजा बाबू’ ही हैं।

गौरतलब है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव PDA का नारा अपने हिसाब से जब तब परिभाषित करते हुए दिख जाते हैं। उन्होंने PDA को कभी P फॉर पिछड़ा, D से दलित और A फॉर अल्पसंख्यक बताया था तो कभी PDA के A को कई तरह से परिभाषित किया, जैसे- A से अगड़ा, A से आदिवासी और फिर इसमें महिलाओं को भी जोड़ने लगे।

इसके अलावा अखिलेश यादव A फॉर आधी आबादी भी बता चुके हैं। इतना ही नहीं अखिलेश यादव ने ब्राह्मण वोटरों को साधने के लिए PDA में ब्राह्मणों को भी प्लस करने की कोशिश की और PDA+B बताया।

वैसे ओपी राजभर इसके पहले भी सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साध चुके हैं। वो अखिलेश यादव के PDA को ‘पीट देगा अहीर’ , ‘पीट देगा अल्पसंख्यक’ की संज्ञा दे चुके हैं। राजभर ने एक पोस्ट में कहा था कि अखिलेश यादव दिनरात रट्टू तोता की तरह पीडीए-पीडीए की माला जपते रहते हैं, मगर उसी माला से उनके लोग राजभर समाज के लोगों का गला घोटने में सबसे आगे हैं।