शनि शिंगणापुर मंदिर से 114 मुस्लिमों समेत निकाले गए 167 कर्मचारी, हिंदू संगठन लंबे समय से कर रहे थे माँग: महाराष्ट्र के अहमदनगर का मामला

महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के प्रसिद्ध मंदिर शनि शिंगणापुर देवस्थान ट्रस्ट ने मंदिर के 167 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें 114 मुस्लिम कर्मचारी शामिल हैं। इन सभी पर अनुशासन का पालन ना करने का आरोप लगाया गया है।

अहिल्यानगर का शनि शिंगणापुर एक सुप्रसिद्ध देवस्थान है। जानकारी के अनुसार मंदिर ट्रस्ट में हिंदुओं के अलावा कई मुस्लिम कर्मचारी भी कार्यरत थे। हिंदुओं ने इन्हें हटाने की माँग की थी। हिंदू संगठन के लोगों का भी कहना था कि ट्रस्ट को सभी मुस्लिम कर्मचारियों को काम से बर्खास्त कर देना चाहिए।

इतना ही नहीं संगठन ने ये भी कहा था कि अगर इन्हें नहीं निकाला गया तो 14 जून को मंदिर के बाहर पूरे हिंदू समुदाय द्वारा इसके विरोध में रैली निकाली जाएगी। हालाँकि ट्रस्ट ने कर्मचारियों को निकालने के बाद कहा है कि इन 167 कर्मचारियों को अनियमितता और अनुशासनहीनता के आरोप में निकाला जा रहा है।