उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 7 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के पटेल पार्क में हुई ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा‘ में प्रदेश की बदली तस्वीर गिनाई। उन्होंने कहा कि एक दौर था जब उत्तर प्रदेश को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ के नाम से जाना जाता था, पर आज यही प्रदेश ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ के लिए पहचाना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर पूरे देश में ‘सेवा ज्योति’ अभियान चल रहा है। इसका मकसद प्रधानमंत्री के जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक के सफर और विकसित भारत के संकल्प को जनता तक पहुँचाना है। लखनऊ के पटेल पार्क में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति की स्थापना की और प्रधानमंत्री मोदी के कामों पर बनी ‘जन सेवा से देश सेवा’ प्रदर्शनी भी देखी।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज लखनऊ में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन ‘गांव से ग्लोबल’ तक भारत की विकास यात्रा और हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प है। उनके नेतृत्व में युवा शक्ति, नारी सुरक्षा, किसान कल्याण और रोजगार के अवसरों को नई गति मिली है। उत्तर प्रदेश की जनता-जनार्दन की ओर से आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हार्दिक अभिनंदन एवं प्रदेश वासियों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई। #25YearsOfSeva
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 7, 2026
यूपी की बदली पहचान, माफिया की जगह मेडिकल कॉलेज और ODOP
योगी आदित्यनाथ ने बीते सालों में उत्तर प्रदेश में आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रदेश की पहचान अराजकता और माफिया से नहीं, बल्कि विकास और रोजगार से बन रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी के हुनरमंद कारीगरों और हस्तशिल्पियों को सिर्फ पारंपरिक काम तक बांधकर रखने के बजाय उन्हें उद्यमी बनाने की दिशा में काम हो रहा है। ODOP के जरिए स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार तक पहुँचाने की कोशिश की गई है।
कनेक्टिविटी में एक्सप्रेसवे से इनलैंड वॉटरवे तक
योगी ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को भी विकास की बड़ी तस्वीर का हिस्सा बताया। उन्होंने रेलवे विद्युतीकरण, ब्रॉडगेज नेटवर्क और ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जिक्र किया। वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी ट्रेनों को उन्होंने बदलते भारत की तस्वीर से जोड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में एयरपोर्ट बढ़े हैं, हाईवे और एक्सप्रेसवे का जाल मजबूत हुआ है और उत्तर प्रदेश को इनलैंड वॉटरवे की सुविधा भी मिली है। उनके मुताबिक बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा असर कारोबार, रोजगार और निवेश पर दिख रहा है।
लखनऊ में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा कार्यक्रम में… https://t.co/YIiCPpy0xv
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 7, 2026
डिजिटल इंडिया का मजाक उड़ाने वालों पर भी निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने जनधन खातों और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT का हवाला देते हुए विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने कभी डिजिटल इंडिया और जनधन खातों की खिल्ली उड़ाई थी, आज उन्हीं व्यवस्थाओं के सहारे सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुँच रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली और लखनऊ से चला पैसा अब सीधे गरीब, महिला, किसान, युवा और श्रमिक के खाते में आता है। मुख्यमंत्री ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं की भी चर्चा की।
‘राज्यसभा चुनाव ने बता दिया विधानसभा चुनाव में क्या होना वाला है‘
अपने भाषण के अंत में योगी आदित्यनाथ ने राज्यसभा चुनाव के नतीजों को आने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “कल उत्तर प्रदेश के राज्यसभा के चुनाव ने बता दिया है कि विधानसभा का चुनाव परिणाम क्या होने जा रहा है।”
इसके बाद मुख्यमंत्री बोले, “यह लड़ाई 80-20 की फिर से आ गई है। 80 फीसदी एनडीए में और 20 फीसदी पीडीए में।” उन्होंने आगे कहा कि पीडीए का क्या हाल होने वाला है, यह जनता के सामने फिर से आने वाला है।
लड़ाई फिर 80-20 पर आ गई है… https://t.co/mTpdlf7w41
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 7, 2026
सेमीकंडक्टर से डिफेंस तक आत्मनिर्भर भारत
CM योगी ने देश की आर्थिक और औद्योगिक तरक्की का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर से लेकर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग तक आत्मनिर्भरता की राह पर है। उन्होंने दावा किया कि देश में सेमीकंडक्टर से जुड़े 12 से ज्यादा बड़े उद्योग या तो चालू हो चुके हैं या उनमें बड़ा निवेश हो रहा है।
उन्होंने एम्स की संख्या छह से बढ़कर 23 होने और IIT, IIM व उभरती तकनीकों के क्षेत्र में बढ़ते मौकों का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ‘सेवा ज्योति’ को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाएँ और प्रधानमंत्री मोदी के 25 सालों की जनसेवा के साथ 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जनता के बीच पहुँचाएँ।

