जिस राजा रघुवंशी की हनीमून पर हुई हत्या, उसके शादीशुदा भाई पर रेप की FIR: पीड़िता ने शादी-करवाचौथ के दिखाए फोटो, बच्चे को लेकर घर पहुँची

इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस से जुड़ा अब नया मामला सामने आया है। अब राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन पर एक महिला ने धोखा देकर शादी करने और रेप का आरोप लगाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला ने बताया कि दो साल पहले सचिन रघुवंशी ने उससे मंदिर में शादी रचाई थी। शादी के बाद उसे किराए के मकान में रखा। सचिन महिला को पैसे पहुँचाता रहता था। जनवरी 2024 में महिला ने बेटे को जन्म दिया। उसके तीन-चार महीने बाद ही सचिन ने महिला से संपर्क तोड़ दिए।

इसके बाद महिला को पता लगा कि सचिन पहले से शादीशुदा है और उसकी दो बेटियाँ हैं। जबकि सचिन ने महिला को बताया था कि वह पत्नी से तलाक ले चुका है। सचिन के परिवार ने महिला को ₹10-15 लाख का लालच देकर बेटा छीनने की भी कोशिश की।

पीड़िता ने 06 अक्टूबर 2024 को सचिन के खिलाफ FIR दर्ज करवाई। इसके बाद भी सचिन ने महिला को नहीं अपनाया। मंगलवार (05 अगस्त 2025) को महिला सचिन के घर पहुँची, लेकिन परिवार ने दरवाजा नहीं खोला। वहीं, सचिन और उसके परिवार ने आरोपों को बेबुनियाद ठहराया है।