नियुक्ति पत्र एक को, खुशी हजारों परिवारों में: 1375 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, CM योगी ने ली सबके साथ सेल्फी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को उस समय माहौल कुछ अलग हो गया जब सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद सेल्फी लेते नजर आए। CM ने सिर्फ नियुक्ति पत्र ही नहीं बाँटे बल्कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ खुद सेल्फी भी ली।

मौका था उत्तर प्रदेश के 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपने का। लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। इन युवाओं का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रक्रिया के जरिए हुआ है।

लखनऊ के इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में CM योगी ने ली सेल्फी।

CM बोले- साढ़े 9 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी जा चुकी

नियुक्ति पत्र बाँटने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित युवाओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही नियुक्ति पत्र एक नौजवान को मिल रहा है लेकिन इसके साथ हजारों परिवारों में खुशी का माहौल बनता है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं को उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी अपनी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर दिया गया और युवाओं को बिना लेन-देन के सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था को आगे बढ़ाया गया। CM ने कहा कि अब तक करीब साढ़े 9 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

गाँव की व्यवस्था में इन अधिकारियों की होगी अहम भूमिका

ग्राम पंचायत अधिकारी गाँव के स्तर पर प्रशासन और विकास व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। 1,375 नए अधिकारियों की नियुक्ति से ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कामकाज और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ग्राम सचिवालयों की व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में बिजली, इंटरनेट, कंप्यूटर और दूसरे जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए विभिन्न सेवाओं की ऑनलाइन डिलीवरी से पंचायतों में करीब ₹4.27 करोड़ की आय का सृजन हुआ है।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को सिर्फ नौकरी पाने तक सीमित न रहने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि अपनी ग्राम पंचायत को बेहतर बनाने के लिए उनके पास नए विचार होने चाहिए। साथ ही हर घर नल जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने ग्रामीण स्तर पर रोजगार और जनसुविधाओं से जुड़ने की संभावनाओं की बात रखी।

इस पूरे कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी लेकिन मंच से लेकर सोशल मीडिया तक जिस तस्वीर ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा वह सेल्फी वाली तस्वीर रही।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हाथ में सेल्फी स्टिक लेकर युवाओं के साथ फोटो खिंचवाना कार्यक्रम की औपचारिकता के बीच एक सहज पल के तौर पर सामने आया। सरकारी नौकरी की नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे इन 1,375 युवाओं के लिए यह तस्वीर शायद नियुक्ति पत्र के साथ संजोकर रखने वाली एक और याद बन गई है।