उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में गुरुवार (25 सितंबर 2025) से सोमवार (29 सितंबर 2025) तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मेगा इवेंट का उद्घाटन गुरुवार को करेंगे।
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में 'उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 3.0' का आयोजन होने जा रहा है।
— Government of UP (@UPGovt) September 23, 2025
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी इसका उद्घाटन करेंगे…: #UPCM श्री @myogiadityanath जी #UPITS2025 pic.twitter.com/RZhVRdzSIE
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे इलाके को 7 जोन और 37 सेक्टर में बाँटा गया है। 2500 से ज्यादा पुलिसकर्मी, जिनमें 7 डीसीपी, 15 एसपी और 40 से ज्यादा एसीपी शामिल हैं, तैनात रहेंगे। हर जोन की कमान एक डीसीपी के हाथ में होगी।
इस ट्रेड शो में 2500 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं, जहाँ प्रदेश के सभी 75 जिलों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार (24 सितंबर 2025) की रात 12 बजे से गुरुवार (25 सितंबर 2025) की रात 12 बजे तक पूरे गौतमबुद्धनगर जिले में ड्रोन, गुब्बारे, रिमोट से चलने वाले माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट और पैराग्लाइडर उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है।
यह आदेश प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखकर जारी किया गया है। इसका उल्लंघन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने खुद इंडिया एक्सपो मार्ट पहुँचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने हेलीपैड समेत तमाम अहम जगहों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सतर्क रहने, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेहमानों और प्रदर्शकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। वीवीआईपी आगमन की संभावना को देखते हुए, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने भी एयरपोर्ट का निरीक्षण किया।
यह आयोजन उत्तर प्रदेश के MSME, हस्तशिल्प, वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों को वैश्विक मंच देने के लिए किया जा रहा है। इस बार इसमें 500 से ज्यादा विदेशी व्यापारी शामिल हो रहे हैं। दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के ज्यादातर होटल लगभग पूरी तरह बुक हो चुके हैं। उद्योग जगत और व्यापारियों में इस आयोजन को लेकर बड़ा उत्साह है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हॉल नंबर 7 में 496 वर्ग मीटर में जल शक्ति मंत्रालय की प्रदर्शनी होगी। इसमें हर घर जल, नमामि गंगे, जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 योजनाओं की जानकारी 3डी मॉडल और डिजिटल प्रेजेंटेशन से दी जाएगी।
इसके तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण की आधुनिक तकनीकों को भी दिखाया जाएगा। स्टार्टअप्स, शोध संस्थान और निजी जल प्रबंधन कंपनियाँ भी भाग लेंगी। सुरक्षा एजेंसियों ने आम जनता से अपील की है कि सभी नियमों का पालन करें और इस बड़े आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

