मध्य प्रदेश के खंडवा में कब्रें खोदकर लाशों के साथ छेड़छाड़ करने और उनके बाल काटने के आरोपित अय्यूब खान को पुलिस ने हरसूद से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की पहचान CCTV फुटेज के जरिए की। यह मामला तब सामने आया जब 21 सितंबर 2025 को बड़ा कब्रिस्तान में दो कब्रें खुली मिलीं, जिनमें से एक महिला की थी। परिजनों ने शव के साथ छेड़छाड़ की आशंका जताई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आरोपित अय्यूब खान मुंदवाड़ा गाँव का रहने वाला है। उसे मंगलवार (23 सितंबर) रात गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में वह संदिग्ध हालत में कब्रिस्तान में घूमता नजर आया था।
पुलिस पूछताछ में अय्यूब खान ने चौंकाने वाला खुलासा किया। अय्यूब खान ने बताया कि जेल में उसे किसी ने कहा था कि लाशों के बाल काटकर ‘आलिम क्रिया’ करने से उसे शक्ति मिलेगी। इसी अंधविश्वास में वह अमावस्या की रात को कब्रें खोदता था और महिलाओं की लाशों के बाल काटता था।
पुलिस के अनुसार, अय्यूब का आपराधिक इतिहास बहुत खतरनाक है। उसे 2009 में बीवी को जलाकर मारने और 2011 में दूसरी बीवी को डुबोकर मारने के मामले में उम्रकैद हुई थी। वह 15 मई 2025 को ही इंदौर जेल से रिहा हुआ था। जेल से छूटने के सिर्फ चार दिन बाद, उसने कब्रों से छेड़छाड़ शुरू कर दी थी। SP मनोज कुमार राय ने कहा है कि अय्यूब पर हत्या और चोरी समेत 13 मामले दर्ज हैं और उसके खिलाफ अब राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

