75 देश, 2400 प्रतिनिधि और 1.25 लाख विजिटर: UP में तीसरे इंटरनेशनल ट्रेड शो का PM मोदी ने किया उद्घाटन, बोले- अब किसी पर निर्भर होना भारत को मंजूर नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (25 सितंबर 2025) को ग्रेटर नोएडा में ‘उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत जैसे देश को अब किसी पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। हमें भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी होगी और जो हम भारत में बना सकते हैं, उसे यहीं बनाना है।

पीएम मोदी ने कहा कि दूसरों पर निर्भर होने से ज्यादा विवशता कोई और हो ही नहीं सकती। बदलती हुई दुनिया में जो देश दुनिया में जितना ज्यादा दूसरों पर निर्भर रहेगा, उसकी ग्रोथ उतनी ही कॉम्परमाइज रहने वाली है।

यह ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर 2025 तक चलेगा। इसमें 75 देशों के 2,400 से अधिक प्रतिनिधि और 2,200 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इस शो का मकसद उत्तर प्रदेश को एक ग्लोबल सोर्सिंग हब बनाना है। इस साल का साझेदार देश रूस है, जिससे भारत और रूस के संबंध और मजबूत होंगे।

‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के साथ ‘विकसित भारत’ के सपने को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि जो देश दूसरों पर जितना ज्यादा निर्भर होगा, उसकी ग्रोथ उतनी ही कम होगी। पीएम ने कहा कि सरकार चाहती है कि हर सामान की क्वालिटी बेहतरीन हो।

ट्रेड शो में 2500 से ज्यादा इवेंट में स्टॉल लगे हैं, जहाँ भदोही के कालीन से लेकर फिरोजाबाद और मुरादाबाद के ताँबे, अष्टधातु और दूसरे धातुओं के सामान मिल रहे हैं। दरअसल UPITS 2025 के तहत उत्तर प्रदेश को ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत ग्लोबल सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित की दिशा में अंतर्राष्ट्रीय ट्रेड शो एक अहम कदम है।

यूपी में 55% मोबाइल फोन का उत्पादन

पीएम मोदी ने बताया कि आज भारत में बनने वाले कुल मोबाइल फोन में से 55% उत्तर प्रदेश में बनते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही यूपी में एक बड़ी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी पर काम शुरू होगा। पीएम ने उद्यमियों से यूपी में निवेश करने की अपील की और कहा कि सरकार हर तरह से मदद करेगी।

पीएम मोदी ने यह भी संकेत दिए कि आने वाले दिनों में GST में और सुधार होंगे। पीएम मोदी ने आर्थिक मोर्चे पर बड़े सुधार की घोषणा की। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी, लोगों पर टैक्स यानी कर का बोझ कम होता जाएगा।

इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विजन का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सपने को साकार करने का एक तरीका है।