एशिया कप 2025 की ट्रॉफी भारत को ना दी जाने पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कड़ा विरोध किया। एशिया क्रिकेट परिषद (ACC) की वार्षिक आम बैठक में BCCI ने ACC अध्यक्ष मोहसिन नकवी के ट्रॉफी वापस ले जाने की हरकत की कड़ी निंदा की।
मंगलवार (30 सितंबर 2025) को आयोजित इस बैठक में BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पूर्व कोषाध्यक्ष आशीष शेलार मौजूद हुए। बैठक में भारतीय टीम को ट्रॉफी वापस दिए जाने पर चर्चा की गई लेकिन मोहसिन नकवी ट्रॉफी देने को तैयार नहीं हुए।
उधर, क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहसिन नकवी ने ट्रॉफी वापस देने को लेकर शर्त रख दी है। मोहसिन नकवी की शर्त है कि एक औपचारिक समारोह में वे खुद अपने हाथों से भारतीय टीम को ट्रॉफी देंगे। हालाँकि, भारत शुरू से ही इसके खिलाफ है।
उल्लेखनीय है कि रविवार (28 सितंबर 2025) को एशिया कप 2025 टूर्नामेंट जीतने के बाद भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी के हाथ से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। अंत में भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंपे बिना ये टूर्नामेंट खत्म कर दिया गया, जिसकी भारतीय क्रिकेट जगत में खूब निंदा हुई।

