बरेली में जुमे की नमाज से पहले अलर्ट, 48 घंटे तक इंटरनेट सेवाएँ बंद: बवाल के इनपुट के बीच ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर

बरेली में शु्क्रवार (03 अक्टूबर 2025) को होने वाली जुमे की नमाज से पहले अलर्ट जारी कर दिया है। इलाके में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएँ बंद कर दी गई हैं। क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार ( 02 अक्टूबर 2025) को भी बरेली पुलिस ने शहर में कई जगहों पर फ्लैग मार्च निकाला। अधिकारियों ने बताया कि शहर में मोबाइल इंटरनेट, ब्रॉडबैंक और SMS सेवाएँ 02 अक्टूबर 2025 दोपहर 3 बजे से 4 अक्टूबर 2025 दोपहर 3 बजे तक बंद रहेंगी। यह कदम अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है। वहीं साइबर पुलिस सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो या पोस्ट करने वालों पर नजर बनाए हुए है।

दूसरे जिलों से आए करीब 8 हजार पुलिसकर्मियों को 04 अक्टूबर तक बरेली में ड्यूटी के लिए रोका गया है। इनमें 6 हजार पुलिसकर्मी अकेले बरेली शहर में तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस ड्रोन से भई निगरानी कर रही है।

अधिकारियों के अनुसार, इनपुट है कि 03 अक्टूबर 2025 को जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन होने की आशंका है। यह भी सामने आया कि महिलाओं और बच्चों को आगे करके माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा सकती है।

पुलिस प्रशासन ने यह फैसला 26 सितंबर 2025 को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल को ध्यान में रखते हुए उठाया है। तब ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर इस्लामी कट्टरपंथियों ने बरेली में दंगा भड़काने की कोशिश की थी। इसका मुख्य आरोपित तौकीर रजा पुलिस गिरफ्त में हैं, उसके अलावा 70 से अधिक उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।