सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर मनी मेराज को पटना के अनीसाबाद से गिरफ्तार किया गया है। मेराज पर ‘वन्नू डी ग्रेट’ नाम की इंफ्लुएंसर ने लव जिहाद और दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। तभी से मनी मेराज फरार चल रहा था। साहेबगंज की ओर जाते वक्त यूपी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
मेराज को फिलहाल पुलिस कस्टडी में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि पटना कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद मेराज को उत्तर प्रदेश ले जाकर पूछताछ की जाएगी। ‘वन्नू डी ग्रेट’ इंफ्लुएंसर की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। उन्होंने मेराज के खिलाफ खोड़ा थाने में FIR दर्ज कराई थी।
धर्मांतरण और गोमांस का दबाव बनाया
वन्नू डी ग्रेट के मुताबिक, करीब ढाई साल पहले यूट्यूबर मनी मेराज ने उससे दोस्ती की। इसके बाद एक दिन कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर बेहोशी की हालत में शारीरिक संबंध बनाए। होश में आने के बाद उन्होंने इसका विरोध किया तो शादी का झाँसा देने लगा।
इसके कुछ दिन बाद वह उन्हें अपने घर ले गया और निकाह कर लिया लेकिन इस बात को सबसे छिपाकर रखा। इस दौरान लगातार शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर गर्भपात भी कराया। पीड़िता ने बताया कि धर्म परिवर्तन और गोमांस खाने तक का भी दबाव बनाया।
मेराज निकला दो बच्चों का अब्बू
पीड़िता ने बताया कि कुछ समय बाद उसे पता लगा कि मेराज का पहले भी निकाह हो चुका है और उसके दो बच्चे भी हैं। इतना ही नहीं मेराज के बाकी लड़कियों के साथ भी अवैध प्रेम संबंध है। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की और घरवालों को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने रोते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। वीडियो में पीड़िता ने कहा कि उसके साथ धोखा हुआ है। पीड़िता ने बताया कि मेराज का परिवार भी उसे धमकी दे रहा है। पीड़िता ने कहा कि उसके पास धर्म परिवर्तन और निकाह के सारे सबूत है।
इसके बाद से ही आरोपित मनी मेराज फरार चल रहा था। जो अब पुलिस गिरफ्त में आ चुका है।

