‘समाज में ऐसी घटनाओं की कोई जगह नहीं’: PM मोदी ने जूता फेंके जाने की कोशिश के बाद CJI गवई से की बात, बंगाल में BJP के MP-MLA पर हमले को भी बताया ‘निंदनीय’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (6 अक्टूबर 2025) को मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर सुप्रीम कोर्ट में एक वकील द्वारा जूता फेंके जाने की कोशिश के बाद उनसे बातचीत की है। प्रधानमंत्री ने इस घटना को अस्वीकार्य और शर्मनाक बताया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बातचीत की जानकारी X पर पोस्ट के जरिए दी है। पीएम मोदी ने लिखा, “मैंने भारत के मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस बी.आर. गवई जी से बात की है। आज सुप्रीम कोर्ट परिसर में उन पर हुआ हमला हर भारतीय को क्रोधित करने वाला है। हमारे समाज में ऐसे निंदनीय कृत्यों के लिए कोई जगह नहीं है। यह पूरी तरह से निंदनीय है।”

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में आगे कहा, “मैंने इस परिस्थिति में जस्टिस गवई जी द्वारा दिखाए गए संयम और शांति की सराहना करता हूँ। यह न्याय के मूल्यों और हमारे संविधान की भावना को सशक्त बनाने के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।”

इसके अलावा पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहुँचे BJP सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हमला किए जाने की घटना पर भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित लोगों की सेवा करने वाले हमारे पार्टी सहयोगियों पर जिस तरह से हमला किया गया, वह बेहद निंदनीय है। यह तृणमूल कांग्रेस की असंवेदनशीलता और राज्य की दयनीय कानून-व्यवस्था को दिखाता है।”