सोशल मीडिया पर मशहूर यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर मनी मेराज को पटना के अनीसाबाद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मेराज पर गाजियाबाद की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर वंदना (जो ‘वन्नू डी ग्रेट’ के नाम से जानी जाती हैं) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। वंदना का कहना है कि मनी मेराज ने खुद को हिंदू बताकर दोस्ती की, फिर उसके साथ धोखा, शोषण और जबरन धर्मांतरण की कोशिश की। मनी मेराज का असली नाम मोहम्मद मेराज है।
दोस्ती से धोखे तक की कहानी
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2023 में दिल्ली में मनी मेराज और वंदना की पहली मुलाकात हुई थी। वंदना का आरोप है कि मेराज ने खुद को सनातनी हिंदू बताया, कलावा पहनता था और हिंदू बनने का दिखावा करता था। दोस्ती बढ़ी तो दोनों साथ काम करने लगे।
एक दिन मेराज उसे गाजियाबाद के फ्लैट में ले गया, जहाँ कोल्ड ड्रिंक में नशीली चीज मिलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। बाद में माफी माँगते हुए शादी का वादा किया, लेकिन जब वंदना गर्भवती हुई, तो जबरन गर्भपात करवा दिया।
शादी का झाँसा और जबरन धर्म परिवर्तन
वंदना बताती हैं कि दो साल बाद मेराज उसे शादी का झाँसा देकर बिहार अपने घर ले गया। वहाँ जाकर उसे पता चला कि मेराज मुस्लिम है और पहले से शादीशुदा है। विरोध करने पर वंदना को कमरे में बंद कर दिया गया, पीटा गया और फोन छीन लिया गया।
उसके साथ मारपीट की गई, उसे गोमांस खाने को मजबूर किया गया और कलमा पढ़ने के लिए दबाव डाला गया। धमकी दी गई कि अगर इस्लाम नहीं अपनाया, तो जान से मार दिया जाएगा।
किसी तरह भागकर पहुँची पुलिस के पास
15 सितंबर 2025 को वंदना किसी तरह मेराज के घर से भाग निकली और गाजियाबाद लौट आई। उसने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद मनी मेराज को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर गाजियाबाद लाया गया।
सोशल मीडिया की आड़ में गंदा खेल
जाँच में पता चला है कि मनी मेराज का असली नाम मोहम्मद मेराज है। पहले वह अपने भाई की चिकन शॉप पर काम करता था। फिर टिकटॉक पर अश्लील वीडियो बनाकर फेमस हुआ। टिकटॉक बैन होने के बाद वह यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वीडियो डालता रहा।
पुलिस के मुताबिक, मेराज के सोशल मीडिया पर 100 से ज्यादा अश्लील और भड़काऊ वीडियो हैं। उसने भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया है। अब पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जाँच कर रही है। सोशल मीडिया की दुनिया में जो चेहरा फनी और फेमस नजर आता था, उसके पीछे की कहानी अब सामने आ रही है- झूठ, धोखा और शोषण की।

