पाकिस्तान में विद्रोही संगठनों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। खैबर पख्तूनख्वा के मध्य कुर्रम जिले में बड़ा हमला हुआ है। यहाँ पाकिस्तानी फौज को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक विंग कमांडर और एक मेजर सहित कुल 11 फौजियों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, विद्रोहियों ने सड़क किनारे रखे बमों से काफिलों को निशाना बना, फिर ऑटोमेटिक हथियारों से फायरिंग की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के पास हुआ। विद्रोहियों ने अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाकर एक साथ कई हमले किए। हमला इतना जोरदार था कि मौके पर ही सभी 11 फौजी मारे गए।
हमलों के बीच, सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले में बड़ी कार्रवाई की है। जवानों ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के प्रमुख आतंकी पीर आगा कंधारी को मुठभेड़ में मार गिराया। यह आतंकी सुरक्षा बलों पर हमले और नागरिकों की हत्या में शामिल था।
इसके अलावा, बन्नू जिले में मंगलवार (7 अक्तूबर 2025) को दो अलग-अलग घटनाएँ हुईं। हथियारबंद लोगों ने दो शिक्षकों और ‘बेनजीर इनकम सपोर्ट प्रोग्राम’ (BISP) के दो कर्मचारियों का अपहरण कर लिया। पुलिस ने अपहृत लोगों को ढूँढने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

