राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार (14 अक्तूबर 2025) की दोपहर जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक बस में अचानक आग लग गई। यह घटना वार म्यूजियम के पास हुई, जहाँ बस में सवार 57 यात्रियों में से 20 यात्री, जिनमें 3 महिलाएँ और 3 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
घायलों को त्वरित रूप से तीन एंबुलेंस की मदद से जवाहिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ ने हादसे में 10-12 लोगों की जलने से मौत होने की आशंका जताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग बाहर निकल भी नहीं सके। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद कई लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूद गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट का होना था। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कलेक्टर और एसपी से बात कर पीड़ितों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए।
जैसलमेर में बस में लगी आग की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुखद हादसे से प्रभावित नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) October 14, 2025
प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्माओं को…
जैसलमेर कलेक्टर ने राहत कार्यों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। जो 9414801400, 8003101400, 02992-252201, 02992-255055 है। स्थानीय लोग भी घायलों की मदद में आगे आए हैं।

