टिकट बँटवारे पर भड़के कॉन्ग्रेसी कार्यकर्ता, पटना एयरपोर्ट पर ही चलाए लात-घूँसे: गाली-गलौज वाला वीडियो वायरल, लगे- ‘मुर्दाबाद’ के नारे

बिहार के पटना एयरपोर्ट पर बुधवार (15 अक्टूबर 2025) की देर शाम कॉन्ग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। यह घटना उस समय हुई जब एयरपोर्ट पर कॉन्ग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार कॉन्ग्रेस प्रभारी कृष्ण अल्लावरु और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान मौजूद थे। उनके सामने ही कार्यकर्ताओं के बीच लात-घूसे चलने लगे और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विवाद विक्रम विधानसभा सीट को लेकर हुआ। विक्रम से कॉन्ग्रेस ने पूर्व विधायक अनिल शर्मा को टिकट दिया है, जिससे नाराज दूसरे दावेदार अशोक गगन के समर्थकों ने एयरपोर्ट पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और दिल्ली से आए कॉन्ग्रेस नेताओं के समर्थकों से भिड़ गए। इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई और मारपीट हो गई।

राजनीतिक पृष्ठभूमि में देखें तो विक्रम सीट से 2020 में सिद्धार्थ सौरव कॉन्ग्रेस के टिकट पर जीते थे, लेकिन बाद में नीतीश कुमार के बहुमत परीक्षण के दौरान NDA में शामिल हो गए। अब बीजेपी ने उन्हें ही विक्रम से उम्मीदवार बनाया है।

इस घटना के बाद कॉन्ग्रेस में टिकट बँटवारे को लेकर अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। कॉन्ग्रेस के भीतर आपसी गुटबाजी और असंतोष साफ दिखाई दे रहा है। एयरपोर्ट पर सीनियर नेताओं की मौजूदगी में हुआ यह हंगामा पार्टी की छवि पर भी सवाल खड़े कर रहा है।