पाकिस्तान में नाबालिग हिंदू लड़की का जबरन धर्मांतरण के बाद 7 बच्चों के अब्बू से कराया गया निकाह, 9 दिन से थी लापता: परिजन बोले- मूक-बधिर बेटी को मजबूर किया गया, ड्रग तस्कर है आदमी

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदुओं पर अत्याचार लगातार जारी है। इसी क्रम में एक निंदनीय घटना सामने आई है, जहाँ एक 15 साल की नाबालिग हिंदू लड़की का 7 बच्चों के बाप से निकाह करा दिया गया। ये लड़की मूक-बधिर है और इसे इस्लाम कबूल कराया जा चुका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला सिंध प्रांत के बदिन जिले का है। यहाँ मूक-बधिर लड़की पिछले 9 दिन से लापता थी। परिजनों ने थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद शनिवार (18 अक्टूबर 2025) को बदिन प्रेस क्लब में लड़की मीडिया के सामने आई। मीडिया के सामने लड़की ने धर्मांतरण से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए।

वहीं लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी मूक-बधिर बेटी कभी एक ड्रग तस्कर और 7 बच्चों के बाप से निकाह नहीं कर सकती है, उसे मजबूर किया गया है। पाकिस्तान में हिंदुओं और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए काम करने वाले शिव कच्छी ने कहा कि पुलिस ने परिजनों की अपहरण की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। कच्छी ने कहा कि वह इस मामले में कोर्ट तक जाएँगे।