बिहार में SIR सक्सेसफुल, अब पश्चिम बंगाल-केरल सहित 12 राज्यों/UT में वोटर लिस्ट का ‘शुद्धिकरण’ करेगा चुनाव आयोग: 28 अक्टूबर से 7 फरवरी तक चलेगी प्रक्रिया

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीख नजदीक है। इससे पहले चुनाव आयोग ने सोमवार (27 अक्टूबर 2025) को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण के रोल आउट के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। चुनाव आयोग ने बताया कि दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR प्रक्रिया चालू होगी। ये प्रक्रिया मंगलवार (28 अक्टूबर 2025) से ही शुरू होने जा रही है।

चुनाव आयोग ने बताया कि दूसरे चरण में अंडामन एंड निकोबार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुच्चेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में SIR होना है। इन सभी राज्यों में फिलहाल कुल 51 करोड़ मतदाता लिस्ट में हैं।

CEC ज्ञानेश कुमार ने दूसरे चरण में मतगणना की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया। इसके तहत मतादाता को Enumeration Form (EF) दिया जाएगा। इस फॉर्म में मतदाताओं की सूची को आखिरी बार 2003-04 में आखिरी बार हुए SIR की वोटिंग लिस्ट से मैच किया जाएगा। इसके लिए घर-घर BLO जाकर EF बाँटेंगे। या फिर मतदाता खुद भी चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकता है।

CEC ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आखिरी SIR 21 साल पहले 2002 से 2004 तक करवाया गया था। दो दशकों के लंबे दौर में मतदाता सूची में परिवर्तन जरूरी है। ये उन मतदाताओं के लिए जरूरी है जो माइग्रेशन कर चुके है, जिनका वोट एक से अधिक जगह पर बना हुआ है। या फिर वो वोटर्स जिनकी मृत्यु हो चुकी है लेकिन अब भी वोटर लिस्ट में नाम है।

इसके साथ ही ज्ञानेश कुमार ने पहले चरण में बिहार में सफलतापूर्वक SIR प्रक्रिया पूरी होने के लिए 7.5 करोड़ मतदाताओं को आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में ERO और BLO के पास शून्य संख्या में शिकायत मिली।