गूगल से ‘Techie Terrorist Zubair’ सर्च करने पर मिली तस्वीर: अल-कायदा से जुड़े आतंकी की खबर में Alt News के जुबैर की तस्वीर इस्तेमाल करने पर Janam TV

महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने बीते 27 अक्टूबर को पुणे के एक 35 वर्षीय IT प्रोफेशनल जुबैर हांगरगेकर को आतंकी संगठन से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस अल-कायदा से जुड़े आरोपी की खबर में केरल स्थित मीडिया चैनल जनम टीवी (Janam TV) ने ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर की तस्वीर का इस्तेमाल कर दिया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कथित फैक्ट चेकर मोहम्मद जुबैर ने इस गलती पर आपत्ति जताई और जनम टीवी के तमिल हैंडल को टैग करते हुए सवाल किया कि आखिर उनकी पुरानी तस्वीर को आतंकी के जुड़े मामले में क्यों इस्तेमाल किया गया। उन्होंने अपने पोस्ट में तमिलनाडु पुलिस और चेन्नई पुलिस को भी टैग किया।

जुबैर ने लिखा, “हैलो @TamilJanamNews, आपने मेरे फोटो को इस घटना में क्यों इस्तेमाल किया है @tnpoliceofffl @chennaipolice_।”

मोहम्मद जुबैर की इस पोस्ट के जवाब में तमिल जनम टीवी के डिजिटल हेड आनंद टी प्रसाद ने स्वीकार किया कि यह गलती उनके चैनल की तरफ से हुई है। उन्होंने कहा कि एक टीम मेंबर ने गूगल पर ‘Techie Terrorist Zubair’ लिखकर तस्वीर खोजी थी, जिसके बाद गलत फोटो इस्तेमाल कर दी गई।

आनंद टी प्रसाद ने अपने बयान में लिखा, “सभी को नमस्कार, हम हाल ही में हमारे तमिल जनम प्लेटफॉर्म पर हुई एक गलती को स्पष्ट करना चाहते हैं। आज सुबह हमने #Zubair नाम के एक व्यक्ति की गिरफ्तारी को लेकर एक पोस्ट प्रकाशित की थी। दुर्भाग्यवश, उस पोस्ट में हमने एक ऐसे व्यक्ति की तस्वीर का इस्तेमाल कर लिया जिसका उस घटना से कोई संबंध नहीं था। यह गलती इसलिए हुई क्योंकि हमारी टीम के एक सदस्य ने गूगल पर ‘Techie Terrorist Zubair’ कीवर्ड से सर्च किया और जो फोटो मिला, उसे बिना सही जाँच किए इस्तेमाल कर लिया।”

तमिल जनम के डिजिटल प्रमुख ने आगे बताया कि उनकी टीम के एक सदस्य को एक ऐसी ही तस्वीर मिली और उन्होंने मान लिया कि यह वही व्यक्ति है जिसका जिक्र समाचार में किया गया था। बिना उचित जाँच के, इस तस्वीर का इस्तेमाल डिजाइन में कर दिया गया।

आनंद टी प्रसाद ने यह भी बताया कि उन्होंने इस गलती के लिए संबंधित डिजाइनर से बात की है और ऐसी चूक दोबारा न हो, इसके लिए कदम उठाए गए हैं। उन्होंने लिखा, “इस घटना के बाद हमने उस डिजाइनर से बात की जिसने यह गलती की और यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं कि भविष्य में ऐसी गलती फिर न हो।”

गौरतलब है कि महाराष्ट्र ATS ने पुणे के कोंढवा इलाके में रहने वाले 35 वर्षीय आईटी प्रोफेशनल जुबैर हांगरगेकर को आतंकी संगठन से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके पास से अल-कायदा से संबंधित साहित्य बरामद हुआ था। उसके एक दोस्त को भी पूछताछ के लिए पुणे रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया।

जुबैर के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (निषेध) अधिनियम यानी UAPA के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एटीएस सूत्रों के मुताबिक, 9 अक्टूबर को सातार में हुई डकैती और टेरर फंडिंग केस की जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर एटीएस ने जुबैर समेत 19 संदिग्धों के घरों और दफ्तरों पर छापेमारी की थी। इस दौरान अधिकारियों ने कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे लैपटॉप, हार्ड ड्राइव, मोबाइल फोन, दस्तावेज़ और किताबें जब्त की थीं।