बंगाल में पुजारी के बेटे को पीट-पीटकर उतारा गया मौत के घाट: BJP ने साझा की Video, आरोप लगाया- पुलिस चौकी के पास हुई घटना, फिर भी एक्शन नहीं

पश्चिम बंगाल में एक पुजारी के बेटे की हत्या हो गई। मृतक का नाम रामचंद्र घोषाल पता चला है। उनके पिता कामरपुकुर स्थित रामकृष्ण मिशन के रघुबीर मंदिर के पुजारी हैं। घटना की जानकारी बंगाल भाजपा के अकॉउंट से दी गई है।

ट्वीट में कहा गया, “श्री रामकृष्ण परमहंस की माँ के परिवार के वंशज की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कामारपुकुर स्थित रामकृष्ण मंदिर के पुजारी के बेटे रामचंद्र घोषाल की रामकृष्ण मंदिर से बमुश्किल 200 मीटर की दूरी पर हत्या की गई।”

भाजपा ने आरोप लगाया कि घोषाल को पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर सरेआम पीट-पीटकर मारा गया, वो भी उस उत्सव के पास जिसके आयोजक तृणमूल कॉन्ग्रेस नेता जगबंधु घोष थे। भाजपा ने इस कृत्य के पीछे टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही कहा है कि राज्य में पुलिस, पुलिस स्टेशन के इतने पास हिंदुओं और उनके परिवारों की सुरक्षा नहीं कर सकतीं।

भाजपा नेता अमित मालवीय ने घटना को लेकर कहा कि धार्मिक स्थल पर यह अमानवीय घटना पूरे राज्य के लिए शर्मनाक है। पुलिस का इस मामले पर एक्शन न लेना साफ दिखाता है कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।