पाकिस्तान कर रहा परमाणु हथियारों का परीक्षण: राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा दावा, कहा- अमेरिका को भी न्यूक्लियर टेस्ट के आदेश दिए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलासा किया है कि पाकिस्तान परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहा है। सीबीएस को दिए इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन, रूस, उत्तर कोरिया और पाकिस्तान ऐसे देश हैं, जो अभी भी परमाणु हथियारों के परीक्षण में लगे हुए हैं। लेकिन अमेरिका ऐसा नहीं कर रहा था।

उन्होंने कहा कि अब अमेरिका को भी परमाणु हथियारों के परीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान युद्ध का जिक्र किया और कहा कि भारत-पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध हो सकता था, लेकिन व्यापारिक कूटनीति से उन्होंने इसे टाला।

ट्रंप ने हा, “रूस परमाणु परीक्षण कर रहा है, चीन परीक्षण कर रहा है, लेकिन वो इसके बारे में बात नहीं करते। हम एक खुले समाज में रहते हैं। हम औरों से अलग हैं। हम इसके बारे में बात करते हैं। हमें इसके बारे में बात करनी ही होगी, अन्यथा आप लोग रिपोर्ट करेंगे। उनके पास ऐसे पत्रकार नहीं हैं जो इसके बारे में लिखें।”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हम परीक्षण करेंगे क्योंकि वो परीक्षण करते हैं और दूसरे भी परीक्षण करते हैं। उत्तर कोरिया परीक्षण कर रहा है। पाकिस्तान भी परीक्षण कर रहा है।”

सीबीएस के साथ 16 मिलियन डॉलर का समझौता करने के बाद ट्रंप इंटरव्यू देते हुए दिखे। रूस के हाल ही में हुए पोसाइडन अंडरवाटर ड्रोन समेत कई परमाणु सक्षम प्रणालियों के परीक्षण के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अमेरिका में परीक्षण की तैयारियाँ पहले से चल रही हैं। हालाँकि उन्होंने स्थान और समय की जानकारी नहीं दी।